नारनौल। दीपावली को लेकर शहर के बाजारों में भीड़ उमड़ रही है लेकिन चौपहिया वाहनों की बेरोकटोक आवाजाही लोगों के लिए परेशानी बन गई है। बाजारों में अस्थायी दुकानें सज गई हैं और सड़कों पर ग्राहकों की भीड़ है जिससे रास्ते पहले ही संकरे हो गए हैं। ऐसे में एक चौपहिया वाहन के घुसते ही जाम लग जाता है और लोगों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ती है।
शहर के आजाद चौक, महावीर मार्ग, पुल बाजार और मानक चौक में जाम की समस्या सबसे ज्यादा है। चौपहिया वाहनों के आने से पैदल चलने वालों और दोपहिया चालकों को भी निकलने का रास्ता नहीं मिलता। इसका असर दुकानदारों के कारोबार पर भी पड़ रहा है, क्योंकि जाम के कारण ग्राहक आसानी से दुकानों तक नहीं पहुंच पाते।
हर साल दीपावली पर बाजारों को जाम से राहत दिलाने के लिए चौपहिया वाहनों के प्रवेश का समय तय किया जाता है। इसके तहत सुबह आठ से दस बजे तक और शाम सात बजे के बाद ही वाहनों को बाजार में आने की अनुमति रहती थी।
इसके लिए प्रमुख रास्तों पर नाके भी लगाए जाते हैं। इस बार खरीदारी शुरू होने के बावजूद यातायात पुलिस ने अभी तक यह व्यवस्था लागू नहीं की है। इसलिए दुकानदारों और आमजन ने मांग की है कि जल्द प्रवेश का समय तय किया जाए और प्रमुख बाजारों में नाके लगाए जाएं।
बाक्स
दीपावली को देखते हुए बाजार में चौपहिया वाहनों का समय तय होना चाहिए। इनके कारण घंटों जाम रहता है जिससे आमजन और दुकानदार दोनों परेशान होते हैं।
-जयप्रकाश, दुकानदार, महावीर मार्ग
...........
जाम के कारण ग्राहकों का आजाद चौक तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। यह मुख्य बाजार है जहां चारों तरफ से लोग खरीदारी करने आते हैं। चौपहिया वाहनों की व्यवस्था ठीक होनी चाहिए।
-मोहित जिंदल, व्यापारी, आजाद चौक
.............
वर्जन
दीपावली पर बाजारों में जाम न लगे, इसके लिए जल्द व्यवस्था लागू की जाएगी। चौपहिया वाहनों को रोकने के लिए महावीर चौक, होंडा चौक, पुरानी कचहरी और किला रोड पर नाके लगाए जाएंगे। वाहनों को खड़ा करने के लिए पार्किंग के स्थान भी तय किए जाएंगे।
-भगतसिंह, यातायात प्रभारी, नारनौल