नारनौल। सत्र 2025-26 से हरियाणा राज्य शिक्षा परिषद ने पारंपरिक कोर्स में रोजगारपरक विषयों को जोड़ने का निर्णय लिया है।
इसके लिए शिक्षा परिषद की ओर से 24 विषयों की सूची तैयार की गई है। इन विषयों को पहले से उपलब्ध कोर्स में दाखिला लेने वाले छात्रों को कोर्स में शामिल विषयों के अतिरिक्त पढ़ाया जाएगा। वहीं इन विषयों के प्रमाण-पत्र भी अलग से दिए जाएंगे ताकि छात्र को डिग्री के अलावा रोजगार के अवसर पर भी प्राप्त हो सकें। इसका मुख्य कारण यह है कि छात्रों का रुझान पारंपरिक कोर्स की तुलना में रोजगार परक कोर्स की तरफ ज्यादा है। क्योंकि तीन से पांच साल तक पढ़ाई करके भी अधिकतर छात्र बेरोजगारी का सामना करते हैं या उन्हें अपनी पसंदीदा नौकरी नहीं मिल पाती। सत्र 2024-25 में कई बार अंतिम तिथि बढ़ाने के बाद भी राजकीय महाविद्यालय नारनौल में उपलब्ध कोर्स में करीब 40 प्रतिशत सीट रिक्त रह गई थी।
कॉलेज स्तर पर ही दिए जाएंगे प्रमाण-पत्र
हरियाणा राज्य शिक्षा परिषद की ओर से जिन विषयों की सूची तैयार की गई हैं, उन्हें प्रदेश के सभी महाविद्यालयों को भेजा गया है ताकि सभी कॉलेज पहले से उपलब्ध कोर्स में शामिल होने विषयों को चुन सकें व कोर्स में शामिल विषय के अतिरिक्त रोजगार परक विषयों का अध्ययन भी छात्रों को करवा सकें। हरियाणा राज्य शिक्षा परिषद जारी दिशा-निर्देशानुसार कॉलेज द्वारा ही रोजगार परक कोर्स की फीस निर्धारित की जाएगी। वहीं प्रमाण-पत्र भी कॉलेज द्वारा दिए जाएंगे। स्नातक और स्नातकोत्तर में किसी भी वर्ष के छात्र इन विषयों का अध्ययन कर प्रमाण-पत्र प्राप्त कर सकते हैं।
पीजी कॉलेज में इन विषयों को किया जा सकता है शामिल
पीजी कॉलेज में स्नातक में छह कोर्स और स्नातकोत्तर में 14 कोर्स उपलब्ध है। इन सभी कोर्स से संबंधित प्रवक्ता कॉलेज में उपलब्ध है, उसी के अनुसार कॉलेज की ओर से विषयों का चुनाव किया जाएगा। संभावना है कि शिक्षा परिषद द्वारा तैयार सूची में शामिल विषयों में से पीजी कॉलेज द्वारा अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, इतिहास, कंप्यूटर, खेल एवं शारीरिक शिक्षा, गणित, प्राणी विज्ञान, भूगोल, भौतिक विज्ञान, राजनीति शास्त्र, रसायन विज्ञान, वनस्पति शास्त्र, वाणिज्य, संस्कृत, समाज शास्त्र, हिंदी जैसे रोजगार परक विषयों का चुनाव किया जा सकता है। जिनके लिए फीस भी पीजी कॉलेज द्वारा निर्धारित की जाएगी और प्रमाण-पत्र भी पीजी कॉलेज द्वारा आवंटित किए जाएंगे।
यह एक सराहनीय कदम है, इससे छात्र डिग्री प्राप्त करने के साथ-साथ रोजगार परक विषयों का अध्ययन कर पसंदीदा क्षेत्र में नौकरी भी प्राप्त कर सकते हैं। हरियाणा राज्य शिक्षा परिषद द्वारा जारी विषय सूची में से पीजी कॉलेज में कोर्स के साथ विषयों के चयन प्रक्रिया को जल्द पूरा किया जाएगा। संभावना है कि अगले वर्ष जनवरी माह से रोजगार परक विषयों की कक्षाएं शुरू की जा सकती है।
डॉ. सतीश सैनी, प्रवेश नोडल अधिकारी, राजकीय महाविद्यालय, नारनौल।