महेंद्रगढ़। गांव झगड़ोली स्थित दुकान के गेट के बाहर ईंटें लगाकर रास्ता रोकने और व्यक्ति के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना पास में लगे सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई। झगड़ोली निवासी नरेश कुमार ने सात नामजद समेत 10 लोगों पर रास्ता रोकने और नकदी व सामान चोरी करने का आरोप लगाया है।
विज्ञापन
शिकायत के आधार पर सदर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नरेश कुमार ने पुलिस को बताया कि 16 अप्रैल को सुबह 9 से दोपहर 2 बजे बीच गांव निवासी दिनेश कुमार, सुनीता, अनिल कुमार, अनुपम सोनी, पुष्पेंद्र, अशोक सोनी, राजन व अन्य लोगों ने उनके पिता सुरेंद्र सिंह के प्लॉट में तोड़फोड़ की।
इसके बाद पास में चल रहे निर्माण कार्य से ईंटे उठाकर उनकी दुकान के आगे लगा दी और रास्ता बंद कर दिया। आरोप है कि आरोपी दुकान का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए और दुकान से 50 हजार की नकदी, तीन सीसीटीवी, डीवीआर, चिप, हार्ड डिस्क, सोने की एक चैन, चाबियों का गुच्छा आदि सामान चोरी कर लिया
विज्ञापन
पुलिस रिकॉर्ड में इसकी कीमत करीबन 98 हजार रुपये मानी गई है। नरेश ने बताया कि आरोपी उनको जान से मारने की धमकी दे रहे हैं और 20 अप्रैल को भी आरोपियों ने हमला करने के लिए ईंट उठाई। इस दौरान उन्होंने डायल 112 पर कॉल की और पुलिस की मदद से घर पहुंचे।