सरकार किसानों के हितों के लिए सदैव प्रयास करती है। किसानों को फसल बिक्री करने में कोई परेशानी न हो, इसके लिए आनलाइन पंजीकरण किए जा रहे है। ये बात कनीना मार्केट कमेटी के प्रधान राजकुमार कनीनवाल ने गांव भड़फ में खरीफ सीजन की फसल बाजरा ऑनलाइन करवाने के लिए मार्केट कमेटी कनीना द्वारा लगाए गए शिविर का शुभारंभ करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि इस बार सरकार ने बाजरे का भाव 2000 रुपये प्रति एक क्विंटल तय किया है। यह अब तक का रिकार्ड है। जिसकी खरीद के लिए किसान अभी से ऑनलाइन पंजीकरण करवा सकते है। जिसके लिए मार्केट कमेटी कनीना का स्टाफ गांव-गांव जाकर पंजीकरण करेगा। इसके अलावा किसान अटल सेवा केंद्र, मार्केट कमेटी कनीना के कार्यालय में भी अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। जिसके लिए आधार कार्ड, जमीन की जानकारी के लिए फरद की कापी, बैंक पास बुक, फसल का नाम आदि भरें। इस मौके पर पार्षद मोहन सिंह, कमल सिंह उपस्थित थे।