फोटो -80 अग्निवीर शंकर। फाइल फोटो
महेंद्रगढ़। जम्मू-कश्मीर के राजौरी में महेंद्रगढ़ के अग्निवीर गांव सोहड़ी निवासी अग्निवीर शंकर (22) की गोली लगने से मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है।
शंकर राजौरी के मंजाकोट थाना क्षेत्र स्थित तरकुंडी गली में तैनात था। चार जुलाई को उसे अपनी ही राइफल से निकली गोली लगी। आवाज सुनकर यूनिट के अन्य जवान मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल शंकर को तत्काल सहायता दी लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों और मंजाकोट पुलिस को दी गई।
पुलिस और संबंधित सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में अग्निवीर के आत्महत्या करने का संदेह जताया गया है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।
महेंद्रगढ़ पुलिस के अनुसार, शंकर कुछ समय से मानसिक तनाव में था। करीब एक माह पहले उनकी पत्नी ने आत्महत्या कर ली थी। मृतक अग्निवीर शंकर भारतीय सेना में अग्निवीर क्लर्क के पद पर कार्यरत था।
उसके पिता दीप सिंह भी पूर्व सैनिक हैं। शंकर की दो बहनें और एक भाई है। उसकी सोलह महीने की नौकरी बची थी। पोस्टमार्टम के बाद पार्थिव शरीर परिजनों को सौंपा जाएगा। अब सोमवार को गांव सोहड़ी में अंतिम संस्कार किया जाएगा।