प्रदेश सरकार द्वारा चलाई गई संरक्षण योजना के तहत महेंद्रगढ़ एसडीएम दिनेश कुमार ने गोद लिए गए गांव बेरी में पहुंचे और विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। ग्रामीणों एवं वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य कैलाश यादव द्वारा एसडीएम का पगड़ी पहनाकर स्वागत करने के साथ मांगपत्र सौंपा गया। एसडीएम ने ग्रामीणों द्वारा रखी गई मांगों पर शीघ्र काम शुरू करने का आश्वासन दिया।
इस दौरान ग्रामीणों ने एसडीएम के समक्ष छह मांगों को रखा। उन्होंने गांव की भूमि की सही पैमाइश कराकर लाल पत्थर लगवाने, गांव में शीघ्र ही पशु चिकित्सालय खुलवाने, श्मशान घाट का रास्ता ठीक कराने, गांव के मुख्य मार्गों एवं गलियों से गंदे पानी की निकासी, स्कूल के खेल मैदान को पक्का कराने, जन स्वास्थ्य विभाग के बोरवेल से नियमित रूप से ग्रामीणों को पानी की आपूर्ति करने की मांग की। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि गांव में चल रहे विकास कार्यों को शीघ्र पूरा कराया जाएगा।
गांव के 11 व्यक्तियों की बनेगी निगरानी कमेटी
एसडीएम ने कहा कि गांव के 11 लोगों की कमेटी बनाकर उनके नाम कार्यालय भेजें, जिसके बाद कमेटी से विभिन्न प्रकार के विकास कार्यों एवं गांव की समस्याओं को शीघ्र दूर करवाया जाएगा। इसके अलावा यह कमेटी लगातार विकास कार्यों एवं गांव की समस्याओं को दूर करने के लिए उनके संपर्क में रहेगी।
यह रहे उपस्थित
इस अवसर पर बिजली विभाग, जन स्वास्थ्य विभाग, पशु पालन एवं डेयरी विभाग, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, ग्रामीण पवन, ध्यान सिंह, भोलाराम नंबरदार, महेंद्र सिंह नंबरदार, मुकेश साहब, सतीश कुमार बेरी, होशियार सिंह प्रधान सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।