बस में ब्लास्ट के बाद पुलिस अलर्ट
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद के नजदीक चलती बस में मंगलवार को हुए धमाके के बाद जिला पुलिस ने भी जिले में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। आज दोपहर को चले अभियान में पुलिस ने जिले के सभी बस स्टैंडों पर जाकर सभी बसों में चेकिंग की। इसके साथ ही पुलिस ने संदिग्ध लोगों को भी बसों से नीचे उतार कर उनके सामान व उनकी पहचान की। इस अभियान में पुलिस ने बस स्टैंड के अंदर खड़ी बसों से लेकर वहां से सवारी लेकर निकलने वाली प्रत्येक बस को अच्छी तरह से चैक किया।
महावीर चौकी प्रभारी युद्धवीर सिंह ने बताया कि जाट आरक्षण आंदोलन को लेकर उनकी टीम पहले ही बस स्टैंड पर तैनात थी। उनको वायरलेस के माध्यम से धमाके की सूचना मिली तो उन्होंने टीम को तुरंत अलर्ट कर दिया और टीम के सदस्यों ने बस स्टैंड पर चेकिंग शुरू कर दी। इसके बाद सिटी एसएचओ साधुराम व उनकी टीम भी मौके पर पहुंची और सभी बसों की गहनता से चेकिंग की। चेकिंग के दौरान यात्री भी काफी परेशान नजर आए लेकिन पुलिस ने बस में धमाका होने की वजह से सभी बसों को चैक किए जाने की बात कहकर यात्रियों से सहयोग की अपील की। इसके बाद पुलिस ने शहर के विभिन्न स्थानों पर नाकेबंदी भी कि जिसमें दोपहिया वाहन चालकों के कागजातों की चेकिंग की गई।