जिला मुख्यालय बचाओ समिति का कोर्ट परिसर में बुधवार को भी वकीलों का धरना जारी रहा। वकीलों के धरने को पार्षदों का भी समर्थन मिला है। वहीं 22 बिरादरी के लोगों ने सीएम के नाम डीसी को एक ज्ञापन भी सौंपा।
बुधवार को लगातार सातवें दिन जिला बार एसोसिएशन के प्रधान अशोक यादव एडवोकेट व अन्य अधिवक्ता, नारनौल जिला बचाओ संघर्ष समिति तथा 22 बिरादरी समिति के संयोजक गोकल चंद सैनी के तत्वाधान में कोर्ट प्रांगण में धरना जारी रहा है। कोई भी अधिवक्ता किसी भी कोर्ट में पेश नहीं हुआ। इसके अतिरिक्त बुधवार को 22 बिरादरी के समिति के संयोजक गोकल चंद सैनी के तत्वावधान में यादव सभा नारनौल, गौड़ ब्राह्मण सभा, जाट सभा, सैनी सभा व वाल्मीकि सभा ने संयुक्त रूप से एक ज्ञापन नारनौल जिला बचाओ संघर्ष समिति के समर्थन में मुख्यमंत्री के नाम उपायुक्त को सौंपा। इसके अतिरिक्त धरना स्थल पर नारनौल नगर परिषद नारनौल के सदस्य कपिल यादव, मनोज सैनी, धूप सिंह सैनी, राजेंद्र यादव, केशव संघी, मोहन लाल व उनके साथीगण उपस्थित आकर संघर्ष कर रहे अधिवक्ताओं का मनोबल बढ़ाया और धरना स्थल पर हाजिरी दी। हरियाणा व्यापार मंडल के जिला प्रधान बजरंग लाल अग्रवाल धरना स्थल पर संघर्ष समिति के समर्थन में डटे रहे। धरने पर बैठे वकीलों ने कहा कि सरकार एक महेंद्रगढ़ जिले के लिए अलग नियम नहीं बना सकती। यदि मंडल स्तर पर अधिकारियों को भेजना हैं तो इसके लिए नियम बनाए और पूरे प्रदेश में लागू करें।