महेंद्रगढ़। सहालग का सीजन शुरू होने वाला है। 2 नवंबर से अप्रैल 2026 तक विवाह का मुहूर्त है। अलग-अलग तिथियों पर शादियां तय होने के बाद लोगों वाहनों की एडवांस बुकिंग कराने लगे हैं। इसको लेकर ऑटो स्टैंड पर चालकों में जबरदस्त उत्साह है। अगर पहले वाहनों की बुकिंग नहीं कराई गई तो एन वक्त पर किराये पर गाड़ियां नहीं मिलती हैं।
ऐसे में लोग विवाह समारोहों, बारात और रिश्तेदारों के आवागमन के लिए वाहनों की एडवांस बुकिंग कराने में जुट गए हैं। इसको देखते हुए ऑटो स्टैंड पर गाड़ियों भीड़ देखी जा रही है। अधिकतर लोग दिसंबर और जनवरी महीने के लिए पहले से ही गाड़ियों की बुकिंग करा रहे हैं ताकि अंतिम समय पर वाहन की उपलब्धता में कोई समस्या न आए।
महेंद्रगढ़ में हर साल सर्दियों के मौसम में बड़ी संख्या में विवाह समारोह होते हैं, जिससे वाहनों की मांग अचानक बढ़ जाती है। वाहन मालिकों के अनुसार इस बार पिछले वर्ष की तुलना में मांग लगभग 40 से 50 प्रतिशत अधिक है। खासकर उन लोगों में उत्साह ज्यादा है जो अपनी नई गाड़ियां शादी सीजन से पहले ही लेकर आए हैं।
शहर के आंबेडकर चौक स्थित ऑटो स्टैंड पर कार और मिनी बस की बुकिंग हो चुकी है। इसके कारण वाहन मालिकों के चेहरे पर रौनक आ गई है। कार चालकों अबकी बार अच्छी आमदनी होने की उम्मीद है। अनेक परिवार ऐसे हैं जिन्होंने बारात के दिन के साथ-साथ विवाह से एक दिन पहले और बाद के लिए भी गाड़ी बुक की है जिससे उन्हें सुविधा मिल सके।
महेंद्रगढ़ में विवाह-शादियों के सीजन ने गाड़ी चालकों के कारोबार में नई रौनक भर दी है। अप्रैल 2026 तक शुभ विवाह मुहूर्त रहने से इस क्षेत्र में कारोबार की रफ्तार लगातार बढ़ने की संभावना है।
-
इस बार इनोवा, बोलेरो, एर्टिगा, फोर्स ट्रैवलर आदि की मांग सबसे अधिक है। इसके अलावा सजावट वाले खुले वाहनों की भी खूब पूछताछ हो रही है जिन्हें बारात में विशेष रूप से प्रयोग किया जाता है। गड़ियों की सजावट के लिए 1100 से 7100 तक रुपये लिए जा रहे हैं। अब तक विवाह शादी के लिए 40 गाड़ियों की बुकिंग को चुकी है।-प्रदीप शर्मा
इस बार शुभ विवाह मुहूर्त अप्रैल 2026 तक चलने से काम का सिलसिला लंबे समय तक जारी रहेगा। इससे आय का अच्छा अवसर मिलेगा। इस सीजन में महेंद्रगढ़ और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग गाड़ी की बुकिंग के लिए संपर्क कर रहे हैं। गाड़ियों की सजावट के लिए स्टॉक पूरा है। 1100 से 5100 रुपये तक गाड़ी के सजाट की बुकिंग की जा रही है।-मनोज कुमार