नारनौल। सैनिक स्कूल, गोठड़ा अहीर (रेवाड़ी) में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा छठी और नौवीं में दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो गई है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने ऑल इंडिया सैनिक स्कूल एंट्रेंस एग्जाम-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं। इच्छुक विद्यार्थी 2 दिसंबर तक आवेदन कर सकते हैं।
सैनिक स्कूल के प्रधानाचार्य कैप्टन बृज किशोर ने बताया कि कक्षा छठी में 100 और नौवीं में 45 सीटों पर दाखिला संभावित है। छठी कक्षा की 100 सीटों में 67 लड़कों और 33 लड़कियों के लिए हैं। वहीं नौवीं कक्षा की 45 सीटों में 30 लड़कों और 15 लड़कियों के लिए सीटें निर्धारित हैं।
हालांकि, विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम और स्कूल छोड़ने के आधार पर सीटों की संख्या में बदलाव हो सकता है।
उन्होंने बताया कि कुल सीटों में से 67 प्रतिशत हरियाणा के मूल निवासी विद्यार्थियों और 33 प्रतिशत अन्य राज्यों के विद्यार्थियों के लिए आरक्षित हैं।
इसके अलावा अनुसूचित जाति के लिए 15 प्रतिशत, अनुसूचित जनजाति के लिए 7 प्रतिशत और अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है। शेष सीटों में से 25 प्रतिशत सीटें रक्षा कर्मियों और पूर्व सैनिकों के बच्चों के लिए आरक्षित रहेंगी।
आवेदन और संशोधन की तिथिया:
सामान्य आवेदन शुल्क के साथ 2 दिसंबर तक फॉर्म भरे जा सकते हैं। इसके बाद 500 रुपये विलंब शुल्क के साथ 3 से 6 दिसंबर तक आवेदन का मौका मिलेगा। आवेदन में 7 से 9 दिसंबर तक सुधार किया जा सकेगा।
इच्छुक विद्यार्थी एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अभिभावकों से समय रहते आवेदन करने की अपील की गई है। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पाने का अवसर मिलेगा।