नारनौल। मिर्जापुर-बाछौद एयर स्ट्रिप दक्षिणी हरियाणा के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। सरकार इस स्ट्रिप को और बढ़ाना चाहती है।
इसी उद्देश्य से शुक्रवार को उपायुक्त डॉ. विवेक भारती के साथ सिविल एविएशन तथा जिला प्रशासन के अधिकारियों की मिर्जापुर बाछौद और भीलवाड़ा की ग्राम पंचायत के साथ बैठक हुई।
भविष्य में इस पट्टी को 5000 फीट तक बढ़ाने का लक्ष्य है, लेकिन गतिविधियां बढ़ाने के लिए 20 से 22 एकड़ जल्द से जल्द चाहिए। इसके लिए राजस्व विभाग तथा पंचायत विभाग के अधिकारी ग्राम पंचायत के साथ बैठक करके इस कार्य को अंजाम दें। डीसी ने बताया कि फिलहाल यह मुख्य रूप से पायलट प्रशिक्षण, एयरो स्पोर्ट्स गतिविधियों और गैर-अनुसूचित उड़ानों के लिए उपयोग किया जाता है।
उन्होंने बताया कि यहां एक फ्लाइंग स्कूल संचालित है जो युवाओं को पायलट बनने का प्रशिक्षण दे रहा है। यह भारत में एक आधुनिक एयरो स्पोर्ट्स सेंटर है, जो पैरा-जंपिंग, पैरासेलिंग, हॉट एयर बैलूनिंग, ग्लाइडिंग, पावर फ्लाइंग, स्काई डाइविंग, एयरो मॉडलिंग और माइक्रो लाइट फ्लाइंग जैसी गतिविधियों के लिए प्रशिक्षण प्रदान करता है। ऐसे में अधिकारी इस कार्य को जल्द से जल्द सिरे चढ़ाएं। इससे पहले उपायुक्त ने लघु सचिवालय में भी इस संबंध में अधिकारियों की बैठक ली।
इस अवसर पर एसडीएम नारनौल रमित यादव, नगराधीश मंजीत कुमार, पायनियर फ्लाइंग अकेडमी से को फाउंडर दिग्विजय सिंह, स्काई हाई इंडिया से रिटायर्ड ब्रिगेडियर सौरभ सिंह शेखावत, एफटीसी फ्लाइंग स्कूल से एडमिनिस्ट्रेटिव मैनेजर संजय कुमार, एचएडीसी से सीईओ जेएस बल्हारा, एयरपोर्ट बाछौद के प्रबंधक कृष्ण मलिक, डीआरओ राकेश कुमार तथा डीडीपीओ हरिप्रकाश बंसल के अलावा अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।