बहादुरगढ़। जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) विभाग ने सोमवार को नूना माजरा गांव, एचएल सिटी क्षेत्र के आसपास और बेरी रोड पर नियमों के विरुद्ध बनाए जा रहे तीन ढांचों को ध्वस्त किया गया। झज्जर रोड स्थित टाटा मोटर्स की निर्माणाधीन वर्कशॉप पर भी विभाग का बुलडोजर चला।
विज्ञापन
झज्जर रोड स्थित टाटा मोटर्स की निर्माणाधीन वर्कशॉप पर भी विभाग का बुलडोजर चला। इसका निर्माण निर्धारित नियमों के विपरीत किया जा रहा था। संबंधित पक्ष को पहले नोटिस भी जारी किया गया था लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रखा गया जिसके बाद कार्रवाई की।
अभियान के दौरान भारी पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। एसडीएम अभिनव सिवाच ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि बिना अनुमति और नियमों के विरुद्ध निर्माण करने से बचें। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना सीएलयू (चेंज ऑफ लैंड यूज) के बनाए गए ढाबों और होटलों पर भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
प्रशासन ने आम नागरिकों से लाइसेंसी और वैध कॉलोनियों में ही जमीन और संपत्ति की खरीद-फरोख्त करने की सलाह दी है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध निर्माण न केवल शहर के नियोजित विकास में बाधा हैं बल्कि भविष्य में कानूनी परेशानियों का कारण भी बनते हैं।
डीटीपी विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध निर्माणों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।