महेंद्रगढ़। फर्जी तरीके से आईडी बनाकर रेलवे की टिकटों की अवैध रूप से बिक्री करने के मामले में क्राइम ब्रांच आरपीएफ बीकानेर की टीम ने एक आरोपी को काबू किया है। आरोपी की पहचान गांव दौंगड़ा अहीर निवासी राजेश कुमार के रूप में हुई है। आरोपी पिछले दो सालों से महेंद्रगढ़ बस स्टैंड के पास दुकान चलाकर अवैध टिकटों का कारोबार कर रहा था।
आरोपी ने दो वर्ष पूर्व लाइसेंस लिया था लेकिन पिछले साल भी रिन्यू नहीं कराया। आरपीएफ क्राइम ब्रांच बीकानेर से उप निरीक्षक रवि कुमार, एचसी हरीश कुमार व परविंद्र की टीम ने बुधवार देर शाम को आरोपी को काबू कर दुकान में रखे कंप्यूटर की जांच की। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी द्वारा 20 हजार रुपये कीमत की टिकटें सीज कर दी।
टीम द्वारा नकली ग्राहक बनाकर दुकानदार के पास भेजकर टिकट बुकिंग कराई जिससे 150 रुपये अधिक लिए गए तो टीम द्वारा मौके पर ही आरोपी को धर दबोचा गया। इसकी सूचना आरपीएफ महेंद्रगढ़ प्रभारी रमेश कुमार को दी गई। रमेश कुमार अपनी टीम सहित मौके पर पहुंचे आरोपी की दुकान से सामान कब्जे में लिया। वीरवार को सुबह आरोपी को न्यायालय में पेश कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस ने आरोपी से 10 रेलवे की टिकट बरामद की है जिनकी कीमत 20 हजार रुपये है।