इंडियन प्रीमियम लीग (आईपीएल) क्रिकेट मैच में सट्टा लगाने वाले बिचौलिया को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से 42700 रुपये एवं एक मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं। आरोपी दिल्ली कैपिटल्स और सनराइजर हैदराबाद के मैप पर सट्टा लगवा रहा था।
पुलिस प्रवक्ता नरेश कुमार ने बताया कि आईपीएल क्रिकेट के चलते जिले में सट्टा चलाने वालों पर पुलिस की धरपकड़ जारी है। रविवार की शाम को स्पेशल स्टाफ को गुप्त सूचना मिली कि महेंद्रगढ़ में बस स्टैंड के नजदीक निंबी मिष्ठान भंडार में एक व्यक्ति जिले सिंह सट्टा चलाने वाले के संपर्क रहकर बिचौलिया बनकर सट्टा खिलवा रहा है। सूचना के आधार पर आरोपी को पकड़कर तलाशी ली गई तो सट्टा में लगाए 42700 रुपये व एक फोन बरामद हुए। आरोपी के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करके गिरफ्तार किया है, जिसे बाद में पुलिस जमानत पर छोड़ दिया। पुलिस को अब उस आरोपी की तलाश है, जो लीलाराम से मिलकर सट्टा यानी बुक चला रहा है। मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल के माध्यम से जल्द अन्य आरोपी के बारे में सुराग लगाया जाएगा। जिले में सट्टा न जुआ के मामलों में अब तक कुल 11 लोग गिरफ्तार किए गए हैं। 77055 रुपये, 3 लैपटॉप, 2 एलईडी व 15 मोबाइल बरामद किए जा चुके हैं।