नारनौल। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश नितिन राज की अदालत ने आर्म्स एक्ट के मामले में आरोपी रोहताश की नियमित जमानत याचिका मंजूर कर ली है। अदालत ने उसे निजी मुचलका भरने पर रिहा करने के आदेश दिए हैं।
मामले के अनुसार, 8 सितंबर को नांगल चौधरी थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि लुजोता निवासी रोहताश और रमेश के बीच पुरानी रंजिश है। आरोप था कि रोहताश बदला लेने के लिए अवैध हथियार और कारतूस हासिल कर रहा था। पुलिस ने छापेमारी के बाद उसकी निशानदेही पर एक देसी पिस्तौल और 10 कारतूस बरामद किए थे।
विज्ञापन
बचाव पक्ष के वकील ने दलील दी कि आरोपी को झूठा फंसाया गया है और उससे अब कोई बरामदगी बाकी नहीं है। वहीं, सरकारी वकील ने जमानत का विरोध करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ करीब 15 आपराधिक मामले लंबित हैं।
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने कहा कि हथियारों की बरामदगी हो चुकी है और आरोपी 8 सितंबर से जेल में है। मुकदमे की सुनवाई में समय लग सकता है। केवल अन्य मामले लंबित होने के आधार पर उसे जेल में रखना उचित नहीं है। इन तथ्यों को देखते हुए अदालत ने शर्तों के साथ जमानत दे दी।