फोटो 25पुलिस गिरफ्त में आरोपी। स्रोत: प्रवक्ता
नारनौल। डकैती के एक मामले में करीब 27 वर्षों से फरार चल रहे 20 हजार रुपये के इनामी आरोपी धर्मपाल को नारनौल पुलिस दिल्ली से गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक दीपक के निर्देश पर अपराधियों और उद्घोषित अपराधियों (पीओ) के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार वर्ष 1999 में थाना शहर नारनौल में डकैती की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान धर्मपाल का नाम भी सामने आया था लेकिन वह लगातार पुलिस गिरफ्त से बचता रहा। लंबे समय तक फरार रहने के कारण उसे अदालत की ओर से पीओ घोषित किया गया था तथा उसकी गिरफ्तारी पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
मामले में पहले गिरफ्तार किए जा चुके अन्य आरोपियों से पूछताछ के दौरान धर्मपाल की भूमिका प्रमुख रूप से सामने आई थी। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी। थाना शहर नारनौल की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी शादीशुदा है व उसके दो बच्चे हैं। उसका परिवार वर्तमान में भिवानी जिले के बहल क्षेत्र में रह रहा है। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर आगे की पूछताछ कर रही है।