मंडी अटेली। एक गांव में एक ही समाज के युवक-युवती द्वारा शादी के मामले में युवक की हत्या करने पर पुलिस ने युवती के भाई संजय को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को शनिवार को न्यायालय में पेश किया। पुलिस ने हत्या से संबंधित पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड मांगा जहां न्यायालय में आरोपी को चार दिन के रिमांड पर भेज दिया। वहीं उक्त मामले के बाद गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। देर सायं शव पहुंचने के बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया।
युवक की हत्या के मामले में युवक के दादा छाजू सिंह ने अटेली थाना में शिकायत दर्ज कराई थी जिसमें उसने बताया कि 28 मार्च की शाम को उसने अपने पोते को अटेली की तरफ से आता हुआ देखा था उसी समय एक गाड़ी आई और उसके पोते दीपक को बैठाकर ले गई। उसके बाद से उसका पोता नहीं मिला है। शिकायतकर्ता ने नामजद और अन्य के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी थी। वहीं 27 मार्च को युवती के परिजनों ने उनकी लड़की के घर से गायब होने का मामला दर्ज कराया था।
पुलिस ने मामले की छानबीन करते हुए पता लगाया कि अटेली के गांव खोड़ निवासी युवक और युवती ने झज्जर के आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली थी। युवती के परिजनों को इस शादी से एतराज था जिसके चलते युवक दीपक की हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया। 27 मार्च को युवती के परिजनों ने उनकी लड़की के घर से गायब होने का मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए पता लगाया कि दिनांक 25 मार्च को लड़की घर से बिना बताए चली गई थी और गांव के ही दीपक के साथ झज्जर के आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली थी। पुलिस ने युवती को रेवाड़ी क्षेत्र से बरामद कर लिया था और न्यायालय में न्यायाधीश के समक्ष युवती के बयान करवाए गए थे। इनमें युवती ने बताया था कि उसने और दीपक ने शादी कर ली है वह दीपक के साथ ही रहना चाहती है व उसकी जान को खतरा है इसलिए वह प्रोटेक्शन में रहना चाहती है। इसके बाद पुलिस ने युवती को प्रोटेक्शन में सेफ हाउस में भेज दिया था। इसके बाद लड़के के दादा छाजू सिंह ने उसके पोते दीपक के अपहरण का मामला दर्ज कराया। मामले को संज्ञान में लेते हुए एसपी विक्रांत भूषण ने एसआईटी टीम का गठन किया। मामले में जांच करते हुए पुलिस को पता लगा कि एक युवक का शव एनएच-48 पर जयपुर ग्रामीण क्षेत्र के थाना भांबरू क्षेत्र में मिली है। युवक के परिजनों से उसकी पहचान कराई गई। पुलिस ने इस मामले में युवती के भाई संजय को गिरफ्तार कर लिया है और न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस ने पूछताछ में पता लगाया कि आरोपियों ने गमछे से युवक दीपक का गला घोंटकर हत्या कर दी थी। वहीं युवती का भी शनिवार को नारनौल के नागरिक अस्पताल में मेडिकल करवाया गया।
गांव में तैनात किया गया पुलिस बल
गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए एसपी विक्रांत भूषण ने गांव में पुलिस को दो रिजर्व टुकड़ियां तैनात किया गया है। इसके अलावा घटना के आई विटनेस को सुरक्षा प्रदान की गई है। पुलिस कप्तान ने थाना अटेली प्रबंधक को निर्देश दिए हैं कि गांव के सभी लाइसेंसी हथियारों को थाने में जमा कराया जाए। पुलिस विभाग गांव में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने में जुटा हुआ है।