सरताज जनसेवा ग्रुप के पीआरओ कुलदीप यादव ने पीडब्ल्यूडी के कार्यकारी अभियंता को सड़कों पर सफेद पट्टी लगवाने के लिए पत्र लिखा है। उन्होंने सड़कों पर साइन बोर्ड और रिफ्लेक्टर लगवाने की भी मांग की है।
कुलदीप यादव ने कहा कि मौसम परिवर्तन के बाद अब धीरे-धीरे सर्दी बढ़ने लगी है। आने वाले दिनों में कोहरा बढ़ेगा। प्रशासन ट्रैफिक लाइट एवं रिफ्लेेक्टर को लेकर गंभीर नहीं है। पीडब्ल्यूडी के पास प्रति वर्ष इसका बजट भी आता है। इसके बाद भी किसी सड़क पर यातायात सुरक्षा के मानक पूरे नहीं हैं। कुलदीप यादव ने कहा कि सभी प्रमुख सड़कों के अलावा लिंक मार्गों पर सफेद पट्टी लगाई जाए। गांव के बारे में जानकारी देने के लिए संकेतक लगाए जाएं। इसके अलावा रात में ऐसे रास्तों की पहचान बताने के लिए रेडियम टेप व कैट आई वाले बोर्ड लगाए जाएं। शहर के सभी प्रमुख चौराहों पर मेन प्वाइंट जाटवास मोड़, कैंची मोड़, सतनाली चौक, राव तुलाराम चौक, ओवरब्रिज, माजरा चुंगी, सचिवालय के सामने, कॉलेज मोड़ पर साइन बोर्ड और रिफ्लेक्टिंग बोर्ड लगवाए जाए, ताकि राहगीरों को कोई परेशानी ना हो और धुंध में मौसम में दुर्घटनाओं से बचा जा सकें।