धुंध पड़ने के कारण वाहन चालकों की परेशानी बढ़ गई है। शुक्रवार की रात सिरोही बहाली के नजदीक तीन ट्रालों में भिड़ंत हो गई। घायल चालकों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
शुक्रवार की रात करीब 10.30 बजे एक ट्राला नारनौल की तरफ जा रहा था। इस दौरान घना कोहरा होने के कारण चालक को सामने से आता हुआ वाहन स्पष्ट दिखाई नहीं दिया इस कारण सिरोही बहाली के नजदीक दूसरे ट्राले से उसकी टक्कर हो गई। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के चालकों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसी कड़ी में कोहरा बढ़ने के कारण दो बजे कोटपूतली से नारनौल पहुंच जा रहा तीसरा ट्राला भी खड़े ट्राले से टकरा गया।
लोगों ने वाहन में फंसे चालक को निकालने की कोशिश की लेकिन सफल नहीं हुए। करीब पांच बजे पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और वाहन की चद्दर कटवाकर चालक को निकाला। इस दौरान करीब तीन घंटे राजमार्ग बाधित रहा। घायल चालक को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। गंभीर चोट नहीं होने के कारण पीड़ित खतरे से बाहर है। थाना प्रभारी राजकरण ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही क्रेन की मदद से राजमार्ग बहाल करवा दिया गया। चालकों के बयानों पर मामला दर्ज कर लिया गया। उन्होंने चालकों को वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगवाने की हिदायत दी है।