महेंद्रगढ़ के छाजियावास गांव में रविवार सुबह अज्ञात कारणों के चलते एक घर में धमाका हो गया। धमाका इतना तेज था कि घर की दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। धमाके की सूचना मिलने पर एसपी, फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की। यह धमाका कैसे हुआ फिलहाल इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। हालांकि पुलिस को सिलेंडर के फटने की आशंका है।
अज्ञात कारणों के चलते हुआ धमाका
जानकारी के मुताबिक छाजियावास गांव निवासी अनिल कुमार अपने परिवार के साथ दिल्ली में रहता है। अनिल का भतीजा सोमबीर रविवार की सुबह किसी काम से अपने चाचा के घर आया था। इस बीच घर में सुबह अज्ञात कारणों से धमाका हो गया। धमाका इतना तेज था कि घर के दरवाजे, दीवार व छत पूरी तरह से नष्ट हो गए। हादसे में 32 वर्षीय सोमबीर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां से उसे रेफर कर दिया गया। परिजन घायल को दिल्ली के एक निजी अस्पताल में ले गए हैं। फिलहाल डॉक्टरों ने युवक को खतरे से बाहर बताया है।
धमाके की सूचना पर पुलिस अधीक्षक पूजा वशिष्ठ व अन्य अधिकारियों ने रविवार की देर शाम मौके का जायजा लिया। पुलिस विभाग की टीम धमाके के कारणों को जानने में जुटी है। थाना प्रभारी सदर महेंद्रगढ़ ने बताया इस हादसे के बाद केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।