नारनौल। सिहमा क्षेत्र के गांव अटाली में स्थित बाबा खेता नाथ मंदिर की दीवार गिरने से खामपुरा निवासी मजदूर कैलाश (47) की नीचे दबने से मौत हो गई। इस दौरान दो मजदूर बाल-बाल बच गए। पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही नारनौल डीएसपी सुरेश कुमार एवं अटेली थाना प्रभारी सज्जन कुमार मौके पर पहुंचे।
जानकारी के अनुसार, बाबा खेता नाथ मंदिर अटाली में मंदिर की मरम्मत की जा रही है। इसको लेकर करीब पांच मजदूर नींव खोदने का कार्य कर रहे थे। हालांकि इनमें से दो मजदूर दोपहर बाद काम पर नहीं आए, इसके बाद तीन मजदूर कार्य में लगे हुए थे। करीब शाम के पांच बजे तीन मजदूर कार्य कर रहे थे तो अचानक से मंदिर की दीवार ढह गई।
विज्ञापन
इस दौरान दो मजदूर बाल-बाल बच गए लेकिन कैलाश मलबे के नीचे दब गया। मलबे के नीचे मजदूर के दबने की सूचना पर ग्रामीण एकत्र हो गई और मलबे में दबे मजदूर को निकालने में जुट गए।
बुलडोजर की मदद से मलबे को हटाने का कार्य शुरू किया और उसे कुछ देर बाद बाहर निकाला गया। उसे नागरिक अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच कर कैलाश को मृत घोषित कर दिया। गांव के सरपंच वेदपाल ने बताया कि बाबा खेतानाथ मंदिर में मरम्मत व खुदाई का कार्य चल रहा था। इस दौरान दीवार गिर गई जिससे एक मजदूर की मौत हो गई।