फोटो नंबर-10सुपर 100 लेवल वन-1 की परीक्षा देने के लिए केंद्र में बैठे विद्यार्थी। संवाद
नारनौल। हरियाणा सुपर-100 के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-28 के लिए लेवल-1 प्रवेश परीक्षा का आयोजन बुधवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। वहीं जिले के पांच परीक्षा केंद्रों पर कुल 827 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी।
जिले में परीक्षा का समय दोपहर 12:30 बजे से 2:30 बजे तक निर्धारित था। प्रश्नपत्र ऑब्जेक्टिव आधारित था। इसमें कुल 50 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे गए।
परीक्षा का कुल अंकभार 200 अंक निर्धारित किया गया था तथा प्रत्येक गलत उत्तर पर 1 अंक की निगेटिव मार्किंग का प्रावधान रखा गया। परीक्षा में गणित विषय से संबंधित प्रश्न शामिल थे जिनकी जानकारी विद्यार्थियों को पूर्व में उपलब्ध करवा दी गई थी।
जिला विज्ञान विशेषज्ञ रविंद्र कुमार ने बताया कि महेंद्रगढ़ जिले में कुल 827 विद्यार्थियों ने लेवल-1 परीक्षा में सहभागिता की। जबकि 1377 छात्रों ने परीक्षा के पंजीकरण करवाया था। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में परीक्षा को लेकर विशेष उत्साह देखा गया।
उल्लेखनीय है कि हरियाणा सुपर 100 योजना की शुरुआत वर्ष 2018 में हरियाणा सरकार के शिक्षा विभाग एवं विकल्प फाउंडेशन के सहयोग से की गई थी।
इस योजना के अंतर्गत अब तक 100 से अधिक विद्यार्थियों का चयन आईआईटी में, लगभग 119 विद्यार्थी नीट एवं अन्य प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग संस्थानों में तथा करीब 80 विद्यार्थी एआईआईएमएस व विभिन्न सरकारी मेडिकल कॉलेजों में चयनित हो चुके हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. विश्वेश्वर कौशिक ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य मेधावी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उचित मार्गदर्शन एवं उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण प्रदान कर उन्हें राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए सक्षम बनाना है।