फोटो नंबर-18मोहल्ला जमालपुर से पुरानी सराय तक का जर्जर सड़क मार्ग। संवाद
नारनौल। लंबे समय से खराब हालत में पड़ी मोहल्ला जमालपुर से पुरानी सराय तक की सड़क के निर्माण को लेकर अब राहत भरी खबर है। इस के निर्माण के लिए करीब 56 लाख रुपये का बजट तैयार कर उच्च अधिकारियों को स्वीकृति के लिए भेज दिया गया है। अब जैसे ही स्वीकृति मिलेगी इसका निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
मोहल्ला जमालपुर से सैन चौक होते हुए पुरानी सराय स्थित राधा-कृष्ण मंदिर तक जाने वाला यह मार्ग वर्तमान में काफी जर्जर स्थिति में है। यह सड़क सिंघाना रोड से पुल बाजार और आजाद चौक जैसे प्रमुख बाजारों तक पहुंचने का चौड़ा और अपेक्षाकृत कम भीड़ वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। इसके अलावा यह सड़क करीब दो दर्जन से अधिक मोहल्लों को आपस में जोड़ती है।
स्थानीय लोगों के अनुसार इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों लोग आवागमन करते हैं। साथ ही विभिन्न स्कूलों की बसें भी इसी मार्ग से गुजरती हैं। सड़क की खराब हालत के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है तथा दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
नगर परिषद द्वारा बजट स्वीकृति के बाद सड़क निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है। सड़क निर्माण होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी और शहर की यातायात व्यवस्था भी अधिक सुचारू और सुरक्षित बन सकेगी।
वर्जन:
मोहल्ला जमालपुर से पुरानी सराय तक सड़क निर्माण के लिए 56 लाख का बजट तैयार कर उच्चाधिकारियों के पास भेज दिया गया है। जैसे ही इसकी स्वीकृति मिलेगी जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। -सोहन सिंह, एमई नगर परिषद, नारनौल