महेंद्रगढ़। दादरी से अजमेर जा रही रोडवेज बस में रविवार को पुलिस का फर्जी आईडी कार्ड दिखाकर सफर कर रहे महम निवासी सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर रणबीर को पकड़ा गया है। वहीं महेंद्रगढ़ बस स्टैंड पर उस व्यक्ति पर 500 रुपये जुर्माना लगाया गया।
बता दें कि रोहतक के कलानौर निवासी जयपाल भी सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर हैं। वे दादरी बस स्टैंड से अजमेर जाने वाली बस में सवार हुए। इस दौरान रणबीर भी उसी बस में बैठ गया।
परिचालक के टिकट काटने पर जयपाल ने टिकट ले ली जबकि रणबीर ने आईडी कार्ड दिखाकर पुलिस में होने का दावा किया। इसके बाद जयपाल ने परिचालक से बातचीत की और रणबीर ने दो साल पहले पुलिस रिटायर्ड होने का खुलासा किया। बाद रणबीर से पूछा तो आईडी कार्ड फर्जी मिला।
इस बात पर दोनों में सफर के दौरान आपस में कहासुनी हो गई। आकोदा से आगे चलते ही दोनों आपस में भिड़ गए और बात हाथापाई तक पहुंच गई। सवारियों को चोट लगने के डर से बस रोकनी पड़ी और दोनों को शांत कराया। कुछ दूरी पर फिर दोनों में हाथापाई हो गई और बस पाली के पास बस रोकनी पड़ी।
बाद में परिचालक ने दोनों को चुपचाप बैठने की चेतावनी देकर रोका और बस स्टैंड पर पहुंचते ही फर्जी कार्ड से सफर कर रहे व्यक्ति पर 500 रुपये जुर्माना लगाया। यहां पर भी दोनों में हाथापाई और फिर बस स्टैंड कर्मियों ने दोनों को अलग किया।
वर्जन:
फर्जी कार्ड से यात्रा करने वाले व्यक्ति पर 500 रुपये जुर्माना लगाया गया है और दोनों व्यक्तियों की हाथापाई में यात्रियों को किसी प्रकार की चोट नहीं आई है। अब उच्च अधिकारियों को इस मामले से अवगत कराकर नियमित बिना टिकट यात्रा करने वाले लोगों की जांच करवाई जाएगी।-हरिकिशन, बस स्टैंड इंचार्ज, महेंद्रगढ़