बावल। बेहतर न्यायिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बावल में 18 करोड़ रुपये से न्यायिक कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जाएगा। न्यायिक कॉम्प्लेक्स बनने से न केवल क्षेत्र के लोगों को न्यायिक सेवाएं आसानी से मिल सकेंगी बल्कि वकीलों और न्याय से जुड़े अन्य लोगों को भी काफी सुविधा मिलेगी।
लंबे समय से बावल क्षेत्र में अलग न्याय परिसर की मांग की जा रही थी। अभी लोगों को कई मामलों में रेवाड़ी या अन्य स्थानों का रुख करना पड़ता है जिससे समय और धन दोनों का अतिरिक्त खर्च होता है। नए न्यायिक कॉम्प्लेक्स के बनने से क्षेत्र के लोगों को अपने मामलों के निपटारे के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और न्यायिक प्रक्रियाएं स्थानीय स्तर पर ही मिलेंगी।
परिसर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त अदालत कक्ष, रिकॉर्ड रूम और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं की जाएंगी। इससे न्यायिक कार्यों को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने में मदद मिलेगी। वकीलों का भी मानना है कि नए परिसर के निर्माण से उनके कामकाज में सुविधा आएगी और लोगों को समय पर न्याय मिल सकेगा।
इस संबंध में स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि बावल में न्यायिक कॉम्प्लेक्स के निर्माण से पूरे क्षेत्र के लोगों को बड़ा लाभ मिलेगा।