फोटो संख्या:56- ध्रुव के पैर पर बंदर के काटने का निशान--संवाद
महेंद्रगढ़। शहर स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस के पास शुक्रवार शाम एक युवक पर 20 से अधिक बंदरों के झुंड ने हमला कर दिया। इसमें बंदरों ने पैर व अन्य स्थानों पर काटकर युवक को घायल कर दिया। घायल ने एसडीएम, डीसी व विधायक को बंदर पकड़वाने की लिखित शिकायत दी है।
शहर के मोहल्ला नीमड़ी नीची निवासी ध्रुव मोदी ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब 6 बजे वह उसके दोस्त के साथ पीडब्लूडी रेस्ट हाउस के पास गया था। दोनों दीवार के पास खड़े थे। इसी दौरान बंदरों का झुंड आया और उन पर हमला कर दिया।
इसमें दोनों बचाव करने लगे तो बंदरों ने उसके पैर पर काट लिया और दो बंदरों ने उसकी कमर पर बैठकर नाखून आदि से खरोंच दिया। इसमें उन्हें पैर, कमर व हाथों पर घाव आए हैं।
इस दौरान आसपास के दुकानदारों ने शोर मचाकर उनका बचाव किया। घायल ने बताया कि उन्होंने एसडीएम, डीसी व विधायक को बंदर पकड़वाने की लिखित शिकायत दी है। साथ ही नगर पालिका कर्मचारियों पर भी कार्रवाई की मांग की ताकि लोग बंदरों के भय व आर्थिक नुकसान से बच सकें।