नारनौल। क्षेत्र में बढ़ते प्रदूषण की रोकथाम के लिए प्रशासन गंभीर है। जहां भी ग्रैप-4 लागू होने के बाद निर्माण कार्य किया जा रहा है, उसे बंद करवाया जा रहा है। इसके साथ प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड जुर्माना भी लगा रहा है। अभी हाल ही में नांगल चौधरी नगर पालिका सड़क निर्माण कार्य करा रहा था। इसे बोर्ड के लोगों ने मौके पर पहुंच कर बंद करवा दिया था। अब प्रदूषण बोर्ड ने नांगल चौधरी नगर पालिका पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
गौरतलब है कि क्षेत्र में बढ़ते प्रदूषण स्तर के कारण ग्रैप 4 लागू है। इसके तहत भवन निर्माण, सड़क निर्माण, कूड़ा जलाने सहित कई ऐसे कार्य पर प्रतिबंध लगाया गया है, जो प्रदूषण के स्तर को बढ़ाने में सहायक हैं। बता दें कि क्षेत्र में दो दिन से एक्यूआई स्तर में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। वहीं शनिवार को सप्ताहभर बाद 216 के पास एक्यूआई पहुंच गया है। इससे पहले क्षेत्र में एक्यूआई स्तर 300 के पार पहुंच गया था, जिसके बाद क्षेत्र में ग्रैप 4 लागू किया गया था।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, नगर परिषद व नगर पालिकाओं को अपने क्षेत्र में ग्रैप 4 लागू करवाने की जिम्मेदारी थी। इसके बावजूद नांगल चौधरी नगर पालिका द्वारा सड़क निर्माण कार्य करवाया जा रहा था। इसके बाद प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने मौके पर पहुंच कर निर्माण कार्य को रुकवाया। जायजा लिया था। सड़क निर्माण उसी एजेंसी द्वारा किया जा रहा था, जिसे नांगल चौधरी नगर पालिका द्वारा टेंडर जारी किया गया था।
वर्जन :
बुधवार को नांगल चौधरी नगर पालिका के अंतर्गत सड़क निर्माण किया जा रहा था। मौके पर पहुंच कर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने रुकवा दिया था। बोर्ड ने समीक्षा करके नगर पालिका पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। -अर्जुन नरवाल, एसडीओ, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, नारनौल।
जिले में सप्ताह में रहा एक्यूआई स्तर:
तिथि एक्यूआई
24 नवंबर 169
25 नवंबर 193
26 नवंबर 167
27 नवंबर 196
28 नवंबर 195
29 नवंबर 197
30 नवंबर 216