नारनौल। स्कूल स्टेट प्रतियोगिता के दूसरे चरण में भाग लेने के लिए शनिवार को जिले के 83 खिलाड़ियों का दल चरखी दादरी रवाना हुआ। रविवार से यहां वुशु, कराटे और कबड्डी के मुकाबले शुरू होंगे, जो 24 अगस्त तक चलेंगे। तीनों खेलों में केवल पुरुष वर्ग के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।
जिले की ओर से वुशु में 12, कबड्डी में 36 और कराटे में 35 खिलाड़ी मैदान में उतरेंगे। शिक्षा विभाग के एईओ विक्रम सिंह यादव ने बताया कि प्रतियोगिता के पहले चरण में जिले के 70 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। इसमें खिलाड़ियों ने एक स्वर्ण, एक रजत और तीन कांस्य पदक जीते थे।
उन्होंने कहा कि जिले के खिलाड़ियों ने पिछले वर्ष भी कबड्डी, वुशु और कराटे में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक हासिल किए थे। इस बार भी खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन और अधिक पदक जीतने की उम्मीद है।