महेंद्रगढ़। शहर में ड्रेनेज व्यवस्था सुधारने के लिए प्रदेश सरकार ने 12.90 करोड़ रुपये के बजट को स्वीकृति दी है। जन स्वास्थ्य विभाग ने परियोजना के तहत कार्य शुरू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस परियोजना के तहत शहर में पांच नए डिस्पोजल टैंक बनाए जाएंगे। डिस्पोजल टैंकों पर ऑटोमेटिक मोड पर चलने वाली आधुनिक मोटरें लगाई जाएंगी। इनके माध्यम से शहर से बरसाती पानी को दौहान नदी क्षेत्र में छोड़ा जाएगा। अप्रैल में टेंडर सहित सभी कागजी प्रक्रिया पूरा करने की उम्मीद है।
परियोजना के अनुसार भूमिगत पाइप लाइन के माध्यम से बारिश के पानी को शहर की पूर्व दिशा में दो किलोमीटर दूरी पर दौहान नदी का क्षेत्र लगता है जहां पाइप लाइनों से पानी छोड़ा जाएगा।
शहर के शॉपिंग कांपलेक्स, मोहल्ला वाल्मीकि, गोशाला रोड, नागरिक अस्पताल, रेलवे रोड, विश्वकर्मा चौक, पुराना महिला कॉलेज रोड, सिनेमा रोड, गंगादेवी पांडेय अस्पताल के पास पुराना नारनौल रोड, चामधेड़ा रोड, आईटीआई रोड सहित शहर के अनेक स्थानों जलभराव की समस्या रहती है।
इन स्थानों पर छोटी भूमिगत पाइप लाइन दबाकर डिस्पोजल टैंकों तक पहुंचाया जाएगा। शहर के आंबेडकर चौक, मॉडल संस्कृति स्कूल के सामने, नागरिक अस्पताल, 11 हट्टा बाजार सहित अन्य स्थानों पर डिस्पोजल टैंक बनाए जाएंगे।
सुरेंद्र यादव, कनिष्ठ अभियंता, जन स्वास्थ्य विभाग के कनिष्ठ अभियंता सुरेंद्र यादव ने बताया कि शहर के ड्रेनेज को सुधारने के लिए सरकार ने 12.90 करोड़ रुपये के बजट को स्वीकृत किया है। अप्रैल में सभी प्रक्रिया पूरी कर जून में काम शुरू कर दिया जाएगा। जलनिकासी के लिए पाइप लाइन बिछाई जाएगी।