फोटो-59 गांव पाली में आयोजित पत्रकारवार्ता में मौजूद मंदिर कमेटी व पंचायत सदस्य। संवाद
महेंद्रगढ़। गांव पाली के ग्रामीणों, बाबा जयरामदास मंदिर कमेटी और क्षेत्र के श्रद्धालुओं की ओर से वीरवार को 3608 फुट लंबी महाध्वज धार्मिक यात्रा निकाली जाएगी। इस यात्रा को गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड में दर्ज कराने के लिए आवेदन किया गया है। अब गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड की टीम वीरवार को मौके पर पहुंचकर इस दावे की सच्चाई जानेगी।
बाबा जयरामदास धाम में पत्रकारों से बात करते हुए बाबा जयरामदास मंदिर कमेटी के प्रधान भंवर सिंह, ग्राम पंचायत पाली के सरपंच देशराज फौजी, कैलाश भारद्वाज पाली, राजेश गोयल, धर्मबीर साहब, दशरथ सिंह, उप प्रधान रणजीत सिंह, कमल, प्रीतम ने यात्रा की जानकारी दी।
आयोजकों का दावा है कि यह सबसे लंबी धार्मिक महाध्वज यात्रा होगी। यात्रा सुबह 6:15 बजे से राव तुलाराम चौक स्थित बालाजी मंदिर आरती के साथ रवाना होगी जो 9:15 बजे जयरामदास धाम पहुंचेगी। इस दिन स्टेट हाईवे 148बी पर हकेंवि गेट नंबर एक से बालाजी मंदिर राव तुलाराम चौक तक आठ किलोमीटर के दायरे में यातायात वन वे रहेगा।
यातायात की व्यवस्था एक्स सर्विसमैन वेलफेयर ग्रुप पाली व भूतपूर्व सैनिक विकास संघ महेंद्रगढ़ और क्षेत्र के पूर्व सैनिक पुलिस के साथ मिलकर संभालेंगे। यात्रा को लेकर प्रशासनिक अमले के साथ-साथ 150 पुलिस कर्मचारियों की तैनाती रहेगी।
साथ ही एंबुलेंस की चार गाड़ियां, दमकल विभाग की दो गाड़ियाें के साथ-साथ चिकित्सकों की टीमें भी यात्रा के साथ रहेंगी। निर्जला एकादशी पर व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए मंदिर परिसर में दही केले के प्रसाद की व्यवस्था की गई है।