महेंद्रगढ़। मोहल्ला वाल्मीकि से 11 हट्टा बाजार तक करीब 300 मीटर मार्ग 18 वर्षों से बदहाल है। यहां से आने जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
नगर पालिका की ओर से 18.50 लाख रुपये की ओर मार्ग का निर्माण कार्य करवाया जाएगा। इसके लिए 12 जून को वर्क ऑर्डर जारी कर दिया है। नगर पालिका की ओर से जुलाई तक सभी प्रक्रिया पुरी करके निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। यह मार्ग तारकोल का बनाया जाएगा। जनवरी में इस मार्ग के लिए नगर पालिका की ओर से टेंडर लगाया गया था।
इस मार्ग के बनने से आमजन को काफी राहत मिलेगी। इस मार्ग के निर्माण से पहले सड़क के दोनों तरफ पक्के अतिक्रमण व कबाड़ को हटाया जाएगा। ताकि यह मार्ग चौड़ा बनाया जा सके। बता दें यह मार्ग 300 मीटर लंबा व करीब 30 मीटर चौड़ा है। 11 हट्टा बाजार से स्टेट हाईवे को जोड़ने वाला मुख्य रास्ता है। इस मार्ग से दो से ढाई हजार वाहनों का आवागमन रहता है।
आसपास के गांवों के ग्रामीण भी इसी रास्ते से सब्जी व अन्य सामान लेने के लिए आते हैं। मार्ग टूटा होने के कारण वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं। पिछले वर्ष इस मार्ग को लेकर टेंडर लगाए गए थे, लेकिन किसी कारणवश काम शुरू नहीं हो पाया। 11 हट्टा बाजार से स्टेट हाईवे का लगभग डेढ़ किलोमीटर रोड 2008 में बनाया गया था।
रोड बनने के दो साल बाद ही रोड टूटने लगा था तब से 11 हट्टा बाजार से मोहल्ला वाल्मीकि तक पूरा टूटा हुआ है। कई स्थानों पर रोड दिखाई नहीं देता। इस मार्ग पर दो मंदिर, एक अस्पताल, स्कूल, मस्जिद, मासाखोरों की दुकान, कबाड़ की दुकानें, पटवार घर स्थित है। आमजन व विद्यार्थी लघु सचिवालय व महाविद्यालय में इसी मार्ग से जाते हैं। यह छोटा व आसान रास्ता भी है। आसपास गांवों के ग्रामीण पटवारी के पास भी इसी रास्ते से आते है। पिछले 18 वर्षों से यह रोड टूटा हुआ है।
वर्जन...
नगर पालिका की ओर से 18.50 लाख रुपये में मोहल्ला वाल्मीकि से 11 हट्टा बाजार तक मार्ग का निर्माण कार्य करवाया जाएगा। इसके लिए वर्क ऑर्डर जारी कर दिया है। जुलाई में सभी प्रक्रिया पुरी करके निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। निर्माण कार्य से पूर्व मार्ग के दोनों तरफ पक्के अतिक्रमण व कबाड़ को हटाकर मार्ग को चौड़ा किया जाएगा। यह मार्ग तारकोल का बनाया जाएगा।
- नवदीप, जेई, नगर पालिका, महेंद्रगढ़
फोटो संख्या:51- मोहल्ला वाल्मीकि से 11 हट्टा बाजार मार्ग बदहाल अवस्था में--संवाद