कनीना। क्षेत्र के गांव धनौंदा के ब्रह्मचारी कृष्णानंद धाम पर वीरवार को गुरु पर्व मनाया गया। स्वामी शिवानंद महाराज की देखरेख में हुए हवन के उपरांत 96 लोगों को जीवन में नशा न करने की शपथ दिलाई।
बता दें कि स्वामी शिवानंद की ओर से माह के दौरान होने वाली पूर्णिमा के अवसर पर बड़े स्तर पर हवन का आयोजन किया जाता है। इस हवन के दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं को नशा न करने की शपथ दिलाई जाती है।
स्वामी शिवानंद ने बताया कि वर्तमान समय में युवा पीढ़ी नशे की चपेट में आ रही है। नशे की इस दलदल में फंसकर युवा अपने साथ साथ अपने परिवार के जीवन को भी बर्बाद कर रहे हैं। युवा पीढ़ी को अपनी ऊर्जा का प्रयोग देश एवं समाजहित के कार्याें में करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हर माह पूर्णिमा के अवसर पर होने वाले विशेष हवन में हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश व पंजाब के श्रद्धालु आते हैं।
कहाकि उनका प्रयास है कि यह मुहिम पूरे देश के घर-घर तक पहुंचे। इस अवसर पर स्वामी कृष्णानंद आश्रम के प्रधान अनिल यादव, व्यवस्थापक कर्मवीर सिंह, ठाकुर अतरलाल, विजय सिंह, डॉ. फतेहचंद दायमा, माखनलाल आचार्य, बिजेंद्र ढिल्लो, घनश्याम शास्त्री, आनंद सिंघल आदि उपस्थित रहे।