फोटो नंबर- 10सिंघाना रोड से गुजरती 11 केवी की लाइन। संवाद
नारनौल। पीएम सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना के तहत जिले में 958 नए सौर कनेक्शन स्थापित किए जा चुके हैं। अधीक्षक अभियंता जोगेंद्र हुड्डा ने बताया कि 2025 में इस योजना के माध्यम से 901 लोगों को सब्सिडी वितरित कर मध्यम और निम्न आय वर्ग के परिवारों को आर्थिक राहत भी दी गई है।
जिले में कृषि क्षेत्र को मजबूती देते हुए 1912 पात्र किसानों को ट्यूबवेल कनेक्शन जारी किए हैं। म्हारा गांव-जगमग गांव योजना के तहत 370 गांवों में 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। लगभग 74.58 करोड़ रुपए की लागत से ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली के पुराने तारों को बदलकर नई केबल डालने का कार्य अंतिम चरण में है।
आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रिहायशी इलाकों के ऊपर से गुजरने वाली 504 लोकेशन से 11 केवी लाइनों को चिह्नित किया गया है। उनमें से 55 लोकेशन से तार हटा दिए गए हैं। नए साल में शेष 449 लोकेशन से लाइनें शिफ्ट करने का लक्ष्य रखा गया है। कोरियावास मेडिकल कॉलेज के लिए समर्पित 33 केवी की नई लाइन का निर्माण कार्य भी जारी है।
अधीक्षक अभियंता हुड्डा ने बताया कि वर्ष 2025 में ग्रिड प्रबंधन और लोड बैलेंसिंग पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया है। नारनौल सर्कल के अंतर्गत सात नए 33 केवी सब-स्टेशनों कोथल खुर्द, निंबी छाजियावास, बलाना, देवास, कटकई, महरमपुर और चिंडालिया को चालू कर दिया गया है। संवाद