महेंद्रगढ़। निदेशालय कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग हरियाणा के निर्देश पर मंगलवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में वर्ष 2022 से 2025 तक आईटीआई पास कर चुके 128 युवाओं ने हिस्सा लिया। विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों ने साक्षात्कार के बाद 92 युवाओं का चयन किया।
संस्थान इंचार्ज संदीप ने बताया कि मेले में हरियाणा और राजस्थान की कंपनियों ने हिस्सा लिया। भिवाड़ी की एक कंपनी ने 45, मानेसर की दो कंपनियों ने क्रमश: 22 और 21 तथा गुरुग्राम की कंपनी ने चार युवाओं का चयन किया। चयनित युवा आईटीआई की अलग-अलग तकनीकी ट्रेड से पासआउट हैं।
आईटीआई के प्रधानाचार्य-सह-सहायक शिक्षुता सलाहकार विनोद खनगवाल ने चयनित युवाओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि संस्थान में तकनीकी शिक्षा के साथ युवाओं को रोजगार के लिए जरूरी कौशल भी दिया जाता है। समय-समय पर रोजगार मेले आयोजित कर कंपनियों को संस्थान में बुलाया जाता है, ताकि प्रशिक्षण पूरा करने वाले युवाओं को सीधे रोजगार के अवसर मिल सकें।
उन्होंने बताया कि चयनित युवाओं को 7 अक्तूबर को रोहतक में आयोजित राज्य स्तरीय रोजगार मेले में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के हाथों नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। मेले में कंपनियों ने युवाओं की शैक्षणिक योग्यता, तकनीकी दक्षता और निर्धारित मापदंडों के आधार पर चयन किया। चयन होने पर युवाओं में खुशी का माहौल रहा।
-
मैंने वर्ष 2022 में डेरोली अहीर से वेल्डर ट्रेड में आईटीआई पास की थी। मेले में कंपनी के प्रतिनिधियों ने मेरा साक्षात्कार लिया और नौकरी से जुड़ी कंपनी की पॉलिसी, नियमों व अन्य जरूरी जानकारी के बारे में बताया।
-कपिल, बैरावास
मैंने वर्ष 2022 में महेंद्रगढ़ आईटीआई से इलेक्ट्रीशियन ट्रेड में आईटीआई पास की थी। मैं पहली बार रोजगार मेले में हिस्सा लेने आया। मेले में चार कंपनियों के प्रतिनिधियों ने मेरा साक्षात्कार लिया और कंपनी की पॉलिसी व नौकरी से जुड़ी जानकारी दी।
-श्योराज सिंह, खुड़ाना
फोटो संख्या:69- रोजगार मेले में युवाओं का साक्षात्कार लेते कंपनी के प्रतिनिधि--संवाद
फोटो संख्या:69- रोजगार मेले में युवाओं का साक्षात्कार लेते कंपनी के प्रतिनिधि--संवाद