अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। क्षेत्र के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। अब उन्हें कनीना एवं सतनाली की मंडियों में सरसों बेचने के लिए नहीं जाना पड़ेेगा। सोमवार से उनकी सरसों महेंद्रगढ़ के हुडा सेक्टर में खरीदी जाएगी। खरीद के लिए हैंडलिंग एजेंट बनाए जा रहे हैं। साथ ही मार्केट कमेटी की ओर से किसानों के लिए सुविधा प्रदान की जाएगी। रविवार को मार्केट कमेटी की ओर से तैयारियां शुरू कर दी। दोपहर बाद हैफेड की ओर से मैनेजर योगेश शेखावत और जगराम यादव ने हुड्डा सेक्टर का मौका मुआयना किया और मार्केट कमेटी सचिव नुकुल यादव से सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
बता दें सरसों की खरीद शुरू 28 मार्च से शुरू हुई थी। इसके बाद से क्षेत्र के किसान काफी परेशान हो रहे हैं। अनाज मंडी के व्यापारियों ने सरकार द्वारा दी जाने वाली एक प्रतिशत आढ़त पर खरीद करने से मना कर दिया और ढाई प्रतिशत आढ़त की मांग पर अड़े रहे। इसके बाद जिला प्रशासन ने हैफेड द्वारा सीधी खरीद किए जाने के आदेश जारी कर दिए थे, लेकिन हैफेड ने भी हाथ खड़े कर दिए। शुक्रवार को उपायुक्त गरिमा मित्तल ने कनीना, सतनाली, नारनौल, अटेली की मंडियों में सरसों बेचने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की थी। लेकिन इससे किसानों की आर्थिक, मानसिक एवं शारीरिक परेशानी बढ़ गई। इससे पूर्व किसानों को महेंद्रगढ़ में तीन-तीन रात मंडियों में गुजारनी पड़ी। अब सरकार के आदेश पर हुड्डा सेक्टर महेंद्रगढ़ में सरसों की खरीद शुरू की जाएगी।
ये रहेेंगी सुविधा
मार्केट कमेटी के चेयरमैन एवं सचिव नुकुल यादव ने दावा किया कि किसानों की सुविधा के लिए किसी प्रकार की कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। पेयजल के लिए कैंपर की व्यवस्था की जाएगी। किसानों के लिए अलग से टेंट की व्यवस्था की जाएगी, ताकि किसान उसमें आराम कर सकें। इसके अलावा लाइट कभी भी व्यवस्था की जाएगी। रात को जगह-जगह लाइट लगाई जाएंगी ताकि किसी प्रकार की परेशानी न हो। वाहनों के आने जाने के लिए इन आउट की व्यवस्था होगी। एक तरफ से वाहनों की इंट्री होगी तो दूसरी ओर से बाहर निकाले जाएंगे।
निरीक्षण कर जांची सुविधाएं
हैफेड के जरनल मैनेजर योगेश शेखावत और जगराम यादव ने हुडा सेक्टर का जायजा लिया। इस दौरान हुडा सेक्टर बनी सड़कों को मापा। साथ ही टोकन के लिए भी जगह निर्धारित की। इसके अलावा किसानों के वाहनों की पार्किंग को भी चेक किया तथा मार्केट कमेटी सचिव से किसानों की सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली। सभी चीज देखने के बाद इस जगह को फाइनल किया गया है। अब हैफेड इस स्थान पर खरीद के लिए तैयार है।
आज इन गांवों के किसान लेकर आएं सरसों
जिला प्रशासन की ओर से हुडा सेक्टर में सोमवार को होनी वाली खरीद का शेड्यूल जारी कर दिया है। सोमवार को चितलांग बीड़, माजरा कलां, डुलाना, जासावास, निंभेहड़ा, धौली के किसानों की सरसों खरीदी जाएगी।
वर्जन
क्षेत्र के किसानों को परेशानी नहीं होने दिया जाएगी। किसानों को दूसरी मंडियों में नहीं जाने दिया जाएगा। उनकी सरसों खरीद के लिए हुडा सेक्टर महेंद्रगढ़ में व्यवस्था करवा दी गई है। सोमवार से सेक्टर में सरसों की खरीद शुरू हो जाएगी।
- रामबिलास शर्मा, शिक्षामंत्री, हरियाणा सरकार।
वर्जन
किसानों के लिए हुडा सेक्टर में व्यवस्था की जा रही है। मार्केट कमेटी सचिव ने वहां तैयारियां भी शुरू करवा दी हैं। सोमवार से हैफेड डायरेक्ट सरसों की खरीद करेगी।
- उपायुक्त गरिमा मित्तल
वर्जन
हुडा सेक्टर में सोमवार से खरीद शुरू हो जाएगी। किसानों के लिए पानी, टेंट आदि की व्यवस्था की जाएगी। किसानों को किसी प्रकार की समस्या नहीं आने दी जाएगी।
- डालू सिंह, चेयरमैन, मार्केट कमेटी।