अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। मुख्यमंत्री मनोहर लाल के रोड शो की तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्यमंत्री का रोड शो आठ अप्रैल को दोपहर बाद तीन बजे अग्रसेन चौक से शुरू होगा व शाम छह बजे सैनी धर्मशाला के सामने समाप्त होगा।
नारनौल के विधायक ओमप्रकाश यादव व जिला प्रधान शिवकुमार मेहता ने रविवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि मुख्यमंत्री का यह रोड शो तीन घंटे का होगा, जिसके तहत लगभग सवा दो किलोमीटर का सफर तय किया जाएगा। इस रोड शो में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं व पदाधिकारियों के अलावा जिले भर से काफी संख्या लोग देखने के लिए आएंगे। विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री का रोड शो दोपहर बाद तीन बजे शुरू होगा, जोकि अग्रसेन चौक से पुलिस लाइन, जैन मांगलिक भवन, तालाब बहादुर सिंह, महिला आईटीआई, रेस्ट हाउस, महावीर चौक होते हुए बस स्टैंड व सैनी धर्मशाला के सामने संपन्न होगा। बीच में शहर की अनेक सामाजिक संस्थाएं मुख्यमंत्री का स्वागत करेंगी। अग्रसेन चौक व सैनी धर्मशाला के सामने मुख्यमंत्री लोगों की जनसभा को भी संबोधित करेेंगे। विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री के रोड शो का कार्यक्रम प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में किया जा रहा है। अब तक रोड शो का कार्यक्रम चरखी दादरी जिला को छोड़कर सभी जिला मुख्यालयों में किया जा चुका है। मुख्यमंत्री के रोड शो के कार्यक्रम में सांसद व भाजपा के प्रत्याशी धर्मवीर सिंह के अलावा क्षेत्र के वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता शामिल होंगे। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता सत्यव्रत शास्त्री, नप चेयरमैन भारती सैनी, सरला यादव, सुमन यादव, संजय सैनी, महेंद्र गौड़, राव पृथ्वी सिंह, बेगराज सैनी व अनिल सैनी समेत अन्य उपस्थित थे।