अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। बाबा साहब आंबेडकर स्कूल ऑफ इक्नोमिक्स बैंगलुरू सहित दस केंद्रीय विश्वविद्यालयों में उपलब्ध विभिन्न पाठ्यक्रमों में सत्र 2018-19 में दाखिले के लिए आयोजित केंद्रीय विश्वविद्यालय संयुक्त प्रवेश परीक्षा (सीयूसीईटी)-2018 के पहले दिन की शनिवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। इस परीक्षा के लिए हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेंवि), महेंद्रगढ़ को विभिन्न 11 केंद्रों पर परीक्षा का आयोजन करने की जिम्मेदारी मिली है। विश्वविद्यालय की ओर से यह केंद्र महेंद्रगढ़, हिसार, दिल्ली, देहरादून व चंडीगढ़ में बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर प्रवेश परीक्षा के लिए करीब 25,942 आवेदकों ने पंजीकरण कराया है। पहले दिन की परीक्षा के लिए 10,866 परीक्षार्थी पंजीकृत थे जिसमें से 7,537 परीक्षार्थियों ने पहले दिन की परीक्षा दी। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर आरसी कुहाड़ ने सभी परीक्षार्थियों को प्रवेश परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुमकामनाएं दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय में सीयूसीईटी-2018 के नोडल आफिसर व अंग्रेजी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. बीर सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय में उपलब्ध 1475 सीटों के लिए इस वर्ष 66,374 आवेदकों ने आवेदन किया है। उन्होंने बताया कि विभिन्न 11 शिक्षण संस्थानों के लिए हो रही सीयूसीईटी की इस परीक्षा के लिए देशभर में परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं । डॉ. बीर सिंह ने बताया कि 28 व 29 अप्रैल को आयोजित हो रही इस परीक्षा के लिए हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय को दिल्ली में चार, महेंद्रगढ़ में तीन, हिसार में दो और चंडीगढ़ व देहरादून में एक-एक केंद्र पर परीक्षा आयोजित करने की जिम्मेदारी मिली है। डॉ. बीर सिंह ने बताया कि कुलपति प्रोफेसर आरसी कुहाड़ के मार्गदर्शन व विश्वविद्यालय के विभिन्न साथियों के सहयोग से प्रवेश परीक्षा के अंतर्गत पहले दिन की परीक्षा का सफलतापूर्वक आयोजन कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि पहले दिन आयोजित परीक्षा में परीक्षार्थियों का प्रतिशत करीब 70 फीसदी रहा जोकि अच्छा नंबर है। डॉ. बीर सिंह ने आगे कहा कि पहले दिन की परीक्षा के सफलतापूर्वक आयोजन के बाद विश्वविद्यालय प्रबंधन रविवार को आयोजित होने वाली परीक्षा की तैयारी में जुट गया है और इस संबंध में सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।