पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर, चार घायल
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। सिंघाना रोड पर बाईपास के पास मंगलवार सुबह पिकअप ने एक बाइक को टक्कर मार दी। इसमें बाइक पर सवार चार लोग घायल हो गए। जिन्हें नारनौल के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
गांव शेखपुरा निवासी 25 वर्षीय रामसिंह मंगलवार को बाइक पर अपनी मां संतरादेवी, तीन साल की बेटी भूमिका और ढाई साल का लड़का कार्तिक को लेकर खालड़ा वाले हनुमान मंदिर जा रहा था। अभी वह सिंघाणा रोड स्थित बाईपास पर ही पहुंचा था कि एक अज्ञात पिकअप ने उसकी बाइक को टक्कर दी। हादसे में बाइक पर सवार सभी लोग घायल हो गए। आस-पास के लोगों ने सभी घायलों को नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां चिकित्सकों ने संतरादेवी की गंभीर हालात के चलते पीजीआई के लिए रेफर कर दिया। घायल रामसिंह का उपचार चल रहा है। जबकि दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।