नारनौल। हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए श्रीनिवास ने मंगलवार को राज्य के सभी उपायुक्तों के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा बैठक की। इसमें अब तक हुए कार्य की समीक्षा की गई। उपायुक्त अनुपमा अंजलि ने बताया कि जिले में 91.32 प्रतिशत फॉर्म डिजिटाइजेशन का कार्य पूरा हो गया है।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद उपायुक्त अनुपमा अंजली ने बताया कि मतदाताओं के पास अपने मतदाता गणना प्रपत्र जमा करवाने के लिए अब केवल दो दिन का समय शेष बचा है। ऐसे में जिले के सभी नागरिक 24 जुलाई से पहले-पहले अपने प्रपत्र संबंधित बीएलओ के पास अनिवार्य रूप से जमा कराएं।
उपायुक्त ने बताया कि जिले के कुल 749607 मतदाताओं के लिए तैनात सभी 772 बीएलओ शत-प्रतिशत प्रशिक्षित हैं और शत-प्रतिशत प्रपत्रों का वितरण कार्य पूरा किया जा चुका है।
जिले में अब तक 684436 गणना प्रपत्रों का बीएलओ स्तर पर सत्यापन पूरा हो चुका है। उपायुक्त ने कहा कि शेष बचे काम को भी समय रहते पूरा कर लिया जाएगा, इसलिए नागरिक तुरंत अपने फॉर्म बीएलओ के पास जमा कराएं।
इस अवसर पर नारनौल उप-मंडल अधिकारी अनिरुद्ध यादव, कनीना उप-मंडल अधिकारी डॉ. जितेंद्र सिंह, नगराधीश डॉ. मंगल सेन, चुनाव तहसीलदार सुरेंद्र सिंह के अलावा अन्य अधिकारी मौजूद थे।