फोटो संख्या:-73 कनीना स्कूल के बाहर नारेबाजी करते हुए विद्वार्थी। संवाद
महेंद्रगढ़। कनीना स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने चार दिन पहले स्कूल के बाहर सोनम वांगचुक के समर्थन में नारेबाजी करते हुए भ्रष्टाचार बंद करने की मांग की थी। इसका वीडियो वायरल हुआ था। इस मामले में शिक्षा विभाग ने विद्यालय के प्राचार्य नरेश कौशिक को निलंबित कर दिया है।
वायरल वीडियो के अनुसार 17 जुलाई को विद्यालय के कुछ विद्यार्थियों ने स्कूल के बाहर आकर सोनम वांगचुक के पोस्टर लेकर भ्रष्टाचार बंद करो के नारे लगाए थे। इस घटना की सूचना शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों तक पहुंची। इसके बाद पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई की गई।
खंड शिक्षा अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि विद्यालय की छुट्टी होने के बाद विद्यार्थियों का सुरक्षित अपने घर पहुंचना स्कूल प्रशासन की जिम्मेदारी होती है। यदि विद्यार्थी स्कूल समय के दौरान या छुट्टी के तुरंत बाद बाहर एकत्र होकर नारेबाजी करते हैं तो यह विद्यालय स्टाफ की गंभीर लापरवाही मानी जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस मामले को विभाग ने गंभीरता से लिया है। उनका कहना है बच्चे अभी नाबालिग हैं। इस तरह नारेबाजी करना उनका स्वयं का विचार नहीं है। यह किसी के उकसाने पर किया गया है।
विभागीय आदेशों के अनुसार प्राचार्य नरेश कौशिक को निलंबित करते हुए उनकी मुख्यालय उपस्थिति जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) कार्यालय, नारनौल में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।