हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश पर प्रदेश भर में लगाए जा रहे समाधान शिविरों से आम नागरिकों को उनकी शिकायतों का त्वरित समाधान मिल रहा है। इन शिविरों में जिला और उपमंडल स्तर पर अधिकारी सीधे जनता से मिलकर उनकी समस्याओं का निपटारा कर रहे हैं।
लघु सचिवालय में आयोजित समाधान शिविर में उपायुक्त डॉ. विवेक भारती और पुलिस अधीक्षक पूजा वशिष्ठ के समक्ष 91 शिकायतें रखी गईं। इनमें से अधिकांश का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। इन शिविरों में मुख्य रूप से परिवार पहचान पत्र, प्रॉपर्टी आईडी, पुलिस, बिजली, पानी और सड़कों से संबंधित शिकायतें आ रही हैं।
उपायुक्त ने बताया कि समाधान शिविर हर सोमवार और गुरुवार को सुबह 10 बजे से 12 बजे तक आयोजित किए जाते हैं। उपमंडल स्तर पर संबंधित उपमंडल अधिकारी (एसडीएम) नागरिकों की शिकायतें सुनते हैं। जिलास्तर पर वह स्वयं नागरिकों की शिकायतें सुनते हैं। वह सोमवार को नारनौल में और वीरवार को महेंद्रगढ़ में उपलब्ध रहते हैं।
इस अवसर पर नगराधीश मंजीत कुमार, जिला राजस्व अधिकारी राकेश कुमार, जिला विकास एवं पंचायती अधिकारी हरिप्रकाश बंसल के अलावा अन्य अधिकारी मौजूद थे।