नारनौल। अनाज मंडी स्थित सरकारी केंद्र पर मंगलवार को यूरिया का वितरण किया गया। मंगलवार को वितरण करने के लिए 1197 बैग यूरिया केंद्र पर उपलब्ध थे। मंगलवार को करीब 831 बैग यूरिया बैग का वितरण किया गया। सरकारी खाद केंद्र द्वारा अब तक करीब 6531 बैग यूरिया का वितरण किया जा चुका है। बुधवार को भी केंद्र पर शेष बचे 366 बैग यूरिया का वितरण किया जाएगा।
क्षेत्र में रबी फसल के दौरान गेंहू व सरसों की खेती की जाती है और फसल की अच्छी पैदावार के लिए किसान खेतों में यूरिया का छिड़काव करते हैं। लेकिन कई बार केंद्र पर खाद की उपलब्धता नहीं होने के कारण किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। खाद लेने के लिए आने वाले किसानों का कहना है कि सरकारी खाद केंद्र पर खाद की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए ताकि किसानों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।