फोटो 8प्रतिनिधि मंडल से वार्तालाप करते जिला बागवानी अधिकारी डाॅ. प्रेम कुमार।स्रोत: डीआईपीआरओ
नारनौल। दुनिया के बड़े विकास संगठनों में एक जापान की जाइका (जापान इंटरनेशनल कॉरपोरेशन एजेंसी) किसानों को उनके उत्पाद के लिए वैश्विक बाजार देगी। इस संबंध में एजेंसी ने हरियाणा सरकार के साथ एमओयू किया है।
जाइका के तीन सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल ने मंगलवार को महेंद्रगढ़ में फील्ड विजिट किया। किसानों के साथ बातचीत की। सबसे पहले प्रतिनिधिमंडल ने बागवानी कार्यालय का दौरा किया। इस मौके पर प्रोजेक्ट के बारे में बताया। कहा कि जाइका प्रोजेक्ट आने के बाद किसानों को उनके उत्पादों के अधिक दाम मिल पाएंगे। किसानों की आमदनी बढ़ाने का कार्य जाइका प्रोजेक्ट के माध्यम से किया जाएगा।
जाइका प्रतिनिधि मंडल के डिप्टी चीफ एडवाइजर ताकेसी इकेडा, ट्रेनर ताकहिरो ताकागाकी, नेशनल कंसल्टेंट डॉ. उमेश बाबू ने किसानों से जिले में उगाई जाने वाली सब्जियां और फलों के बारे में जानकारी ली। प्रतिनिधि मंडल ने जिले के गांव ढाणी बाठोठा में फील्ड विजिट भी किया। गांव के प्रगतिशील किसान रविदत्त, संजय, रोहतास और योगेश खानपुर से बातचीत की। किसानों को आमदनी बढ़ाने के तरीके बताए। प्रतिनिधि मंडल ने किसानों को ग्रेडिंग-पैकिंग करके उत्पाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेचने व किसानों से छोटे-छोटे समूह बनाकर उत्पादन बाहर भेजने के लिए जागरूक किया।
किसानों ने बताया कि उन्हें बाजार में उत्पादन बेचने के लिए रुपयो की समस्या आती है। इसके कारण फसल में आई लागत भी पूरी नहीं हो पाती। ऐसे में अगर आसपास में कोई प्रोसेसिंग यूनिट लगे तो किसान सब्जियां वहां पहुंचा कर दूसरे उत्पाद तैयार कर सकते हैं। जिला बागवानी अधिकारी डाॅ. प्रेम कुमार ने बताया कि जाइका प्रोजेक्ट हरियाणा में जल्द ही शुरू होने जा रहा है। इसके शुरू होने से किसान उत्पाद बाजार में भी आसानी से बेच कर आय में बढ़ोतरी कर सकते हैं। इसके लिए प्रदेश सरकार का जाइका के साथ एमओयू हुआ है।