अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल।
शहर में लगातार हो रही चोरियों व पुलिस की नाकामी के विरोध में पिछले चार दिन से लघु सचिवालय पार्क में भूख हड़ताल पर बैठे व्यापारी नेता वैद्य किशन वशिष्ठ के समर्थन में सोमवार को क्षेत्र के अनेक युवाओं ने मोटरसाइकिल रैली निकाली।
यह रैली शहर के ऐतिहासिक आजाद चौक से मानक चौक, पुल बाजार, महावीर मार्ग, महावीर चौक व महेंद्रगढ़ रोड होते हुए लघु सचिवालय अनशन स्थल पर पहुंची। इस दौरान मार्केट कमेटी के पूर्व चेयरमैन कमलेश सैनी व गुवानी आश्रम के महंत मदनलाल ने भी अपना समर्थन दिया। समर्थकों ने कहा कि किशन वशिष्ठ पिछले चार दिन से भूख हड़ताल पर बैठे है, लेकिन प्रशासन व पुलिस की ओर से कोई अधिकारी हालचाल जानने के लिए अनशन स्थल पर नहीं पहुंचा है। इससे लोगों में भारी रोष बना हुआ है। वशिष्ठ ने कहा कि चोर शनिवार रात फिर ओल्ड पुलिस चौकी से मात्र 100 कदम दूरी पर स्थित एक गोटे की दुकान से करीब सवा लाख रुपये की नकदी चुरा ले गए। उन्होंने कहा पुलिस की नाकामी के विरोध में पांच दिन की भूख हड़ताल मंगलवार रात को पूरी हो जाएगी। इसके बाद पुलिस के खिलाफ जन आंदोलन होगा। आज मोहित नूनीवाल, गौरव सैनी, राजकुमार जसोदिया, खेमचंद शर्मा, राजू सोनी, पूर्णचंद सिंघल, अशोक सैनी, हेमराज सोनी, राहुल अग्रवाल, डीके सैनी, जितेश, सरदार बाबू, प्रीतम वशिष्ठ सुरेंद्र नारनौलिया, तोताराम, मयंक चौधरी, भुवनेश शर्मा, सोनू शर्मा, रिक्की बौहरा, कालू पांडेय, गोविंद, अमन रोहिल्ला, अरविंद कुमार, गोपाल कौशिक, रतन सैनी, राधेश्याम, गोपाल गुप्ता व रविंद्र कुमार आदि ने समर्थन दिया।