-दीपावली पर निर्बाध आपूर्ति करने की निकली हवा, टी-4 ट्रांसफार्मर में आई खराबी
फोटो नंबर एक से पांच तक
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। दीपावली पर 24 घंटे निर्बाध रूप से बिजली आपूर्ति करने का दावा करने वाले बिजली निगम की हवा दिवाली से ठीक पांच दिन पहले निकल गई। 220 केवी सब स्टेशन में शुक्रवार को खराबी आ जाने के कारण शहरवासियों को शुक्रवार को 24 घंटे की बजाय मुश्किल से 12 घंटे भी बिजली नहीं मिल पाई। रात के समय भी अलग-अलग ट्रांसफार्मरों पर लोड डालकर शहर में बिजली आपूर्ति की गई। शहर में करीब 12 घंटे बिजली न आने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
दक्षिणी हरियाणा बिजली वितरण निगम दीपावली पर निर्बाध रूप से 24 घंटे बिजली देने का दावा कर रहा है। निगम का दावा है कि इसके लिए स्पेशल तैयारियां की गई हैं और लाइनों, ट्रांसफार्मरों व जंपरों की मरम्मत का काम किया गया है, परंतु निगम के इस दावे की हवा शुक्रवार को निकल गई। शुक्रवार को महेंद्रगढ़ रोड स्थित 220 केवी सब स्टेशन स्थित शहर को बिजली आपूर्ति करने वाले ट्रांसफार्मर टी-4 में गड़बड़ी हो गई। इससे शाम के चार बजे से रात के 11 बजे तक आधे से ज्यादा शहर में बिजली आपूर्ति चरमराई रही। वहीं रात को कुछ हिस्सों की लाइट छोड़ी गई, मगर ट्रांसफार्मर को सुबह ही ठीक किया जा सका। इसके बाद ही शहर की बिजली आपूर्ति सुचारु हो पाई। 220 केवी सबस्टेशन पर 216 एमवीए के ऐसे ही ट्रांसफार्मर में आई खराबी गर्मियों के दिनों में पहले भी आ चुकी है। जिसके कारण लोगों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा था। अब दीपावली जैसे पर्व पर अब टी-4 ट्रांसफार्मर में खराबी आने से लोग काफी परेशान हुए। 220 केवी सबस्टेशन पर टी-4 ट्रांसफार्मर में खराबी आ जाने के कारण इसको रात को ठीक कर लिया गया, मगर इसकी फाइनल रिपोर्ट रेवाड़ी से आये अधिकारियों व कर्मचारियों ने सुबह दी। इसके बाद इस ट्रांसफार्मर से बिजली आपूर्ति की गई।
बंद हो गए इंवर्टर, परेशान रहे दुकानदार
शहर में दोपहर से लेकर शाम तक लाइट न आने के कारण दुकानदारों और घरों के इंवर्टर भी बैठ गए। इससे दुकानदारों को ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा। लाइट नहीं होने के कारण उनको ग्राहकों को माल दिखाने में भी परेशानी हुई। वहीं दिन में गर्मी की वजह से भी लोग परेशान दिखे।
व्यापारियों का धंधा हुआ ठप
बिजली न आने के कारण बिजली पर आधारित व्यापारियों को सबसे ज्यादा परेशानी हुई। वहीं बिजली से दीपावली की लाइटिंग की बिक्री करने वाले दुकानदार ग्राहकों को लाइटिंग की लड़ियां चला कर नहीं दिखा पाए।
शाम को आठ बजे ही हो गया बाजार सुनसान
शहर के मुख्य मार्गों महावीर चौक, पुल बाजार, बजाजा बाजार, पार्क गली व सिंघाना रोड पर दीपावली पर रात दस बजे तक काफी चहल-पहल रहती है, मगर शुक्रवार को ये बाजार रात आठ बजे ही सुनसान हो गए। व्यापारियों ने बताया कि लाइट न आने के कारण इंवर्टर बंद हो गए। ग्राहक आ नहीं रहे, जो आ रहे थे उनको माल कैसे दिखाएं।
यह सीजन ग्राहकी का है। इस सीजन में भी अगर लाइट जाएगी को काफी दिक्कत होगी। प्रशासन को इस ओर ध्यान देना चाहिए।
-भूपेंद्र शर्मा
शुक्रवार को बिजली काफी देर तक गुल रही। इससे परेशानियों का सामना करना पड़ा। दीपावली पर ऐसा हाल नहीं होना चाहिए।
-राघव कुमार
बिजली गुल होने के कारण दुकानदारी प्रभावित रही। इससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
-शुभम कंछल
इतनी लंबी बिजली गुल रहने के कारण इंवर्टर ठप हो गए। दुकानदारों का यही सीजन है, इस सीजन में भी बिजली नहीं मिलेगी तो काम कैसे चलेगा।
-नितिन चौधरी।
220 केवी सबस्टेशन के टी-4 ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आ गई थी। इस कारण बिजली बाधित रही। समय रहते इसको ठीक कर दिया गया था।
-सुरेंद्र जोशी, जेई, दहबिविनि, सिटी नारनौल।
------------
दीपावली के नजदीक आते ही गुलजार हुए बाजार
-कपड़ा, गिफ्ट, आटो मोबाइल व इलेक्ट्रिक की दुकानों में हुई सजावट
फोटो नंबर छह से 11
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। दीपावली के नजदीक आते-आते अब सुनसान पड़ बाजार गुलजार होने लगे हैं। हालांकि अभी ग्राहकों की वो भीड़ नहीं है, जो होनी चाहिए, मगर दुकानदारों ने दुकानें सजा दी हैं। दुकानदारों का कहना है कि सोमवार से बाजारों में रौनक बढ़ने के पूरे आसार हैं, जो पांच पांच दिनों तक लगातार जारी रहेगी। सबसे ज्यादा सजावट कपड़ा, गिफ्ट, आटो मोबाइल व इलेक्ट्रिक की दुकानों में देखी जा रही है।
इस बार बाजार में जीएसटी के कारण उत्साह नहीं देखा जा रहा है। दीपावली के नजदीक आने के बावजूद शुक्रवार तक दुकानदार हाथ पर हाथ रख खाली बैठे थे। पूरा दिन दुकानदारी नहीं होने के कारण दुकानदार शाम को भी जल्दी दुकान बंद कर घर जा रहे थे, मगर शनिवार से दुकानदारों ने दिवाली की पूरी तैयारी कर ली। शनिवार से दुकानदार सजने लगे हैं। वहीं शनिवार को ग्राहकों की भीड़ भी दोपहर को देखी गई, मगर दोपहर बाद फिर से बाजारों में काम कम हो गया। लेकिन दुकानदारों का कहना है कि अब बिक्री बढ़ने की उम्मीद जग गई है। सोमवार से ग्राहकों का बाजार में आना बढ़ जाएगा। दीपावली के नजदीक आते ही कपड़ा, गिफ्ट, आटो मोबाइल व इलेक्ट्रिक सहित मिठाइयों, सर्राफा, पेंट आदि सभी दुकानों में चहल पहल दिखने लग गई है। जहां दो दिन पूर्व तक सुनसान बाजार नजर आता था, वह अब गुलजार होने लगा है।
-------
इस बार इलेक्ट्रानिक बाजार में वह दम नहीं है, जो होना चाहिए था, मगर अब थोड़ी बहुत उम्मीद जगी है। लोग घरों से बाहर निकलने शुरू हो गए हैं। उनके यहां भी ग्राहकों का आना बढ़ गया है।
-आशीष चौधरी, इलेक्ट्रानिक व्यापारी
आटो मोबाइल की बिक्री अब जोर पकड़ने लगी है। रोज 50 के करीब गाड़ियां बिक रहीं हैं। धीरे-धीरे इसमें ज्यादा बूम आने लग जाएगी। अब रौनक देखी जाने लगी है।
-नरेंद्र कुमार, आटो मोबाइल व्यापारी
बाजार कुछ दिन पहले तक सुनसान था, मगर अब बाजार में रौनक आ गई है। कपड़ों पर जीएसटी से फर्क था, मगर अब लोगों की भीड़ दुकानों पर आने लगी है।
-दीपक सेठी, कपड़ा व्यापारी