बारिश के बाद सड़क पर जमा पानी।
- फोटो : Narnol
मौसम में अचानक बदलाव आने से ठंड बढ़ गई है। वीरवार की रात नौ बजे से 10 बजे तक शहर में आठ एमएम बारिश हुई। इस दौरान कई स्थानों पर बिजली गुल होने से लोगों को परेशानी हुई। मौसम में बदलाव के कारण किसानों की भी चिंता बढ़नी शुरू हो गई क्योंकि बारिश के साथ ओलावृष्टि होने से फसल में नुकसान होने की संभावना रहती है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन बारिश होने की संभावना है। हालांकि इस बारिश से फसलों को फायदा होगा। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 21 व न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस रहा।
बता दें कि दो दिनों से लगातार ठंडी हवाएं चल रही थीं। वीरवार को दिनभर धूप खिलने के बाद रात आठ बजे से मौसम बदलना शुरू हुआ और रात नौ बजे बारिश हुई। बारिश होने से किसानों ने राहत की सांस ली। शुक्रवार को भी दिनभर आसमान में बाद छाए रहे। वहीं मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दो-तीन दिनों में बूंदाबांदी व बारिश की संभावना है। फिर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। तापमान में उतार चढ़ाव से खांसी व जुकाम के मरीजों में बढ़ोतरी हो रही है। कृषि विभाग के उप निदेशक जसविंदर सिंह ने बताया कि अभी तक हुई बारिश फसलों के लिए लाभदायक है। इससे गेहूं, चना व सरसों को फायदा होगा।
शहर में कई जगहों पर जल भराव
वीरवार की रात में हुई बारिश से शहर में कई जगहों पर जल भराव की समस्या उत्पन्न हो गई। इसमें महिला पुलिस थाने के सामने, जैन मांगलिक भवन, रावका मोहल्ला, जमालपुर समेत अन्य जगहों पर सुबह जल भराव की समस्या रही। वहीं अस्पताल के सामने रेलवे अंडरपास में जल भराव से लोगों को परेशानी हुई। लोगों का कहना है कि शहर में जल निकासी के बेहतर इंतजाम नहीं होने से परेशानी होती है। कुछ सड़कों पर कीचड़ से लोगों को परेशानी हुई।
कैलाश नगर में 12 घंटे तक बिजली रही गुल रही
तेज हवा और बारिश के कारण शहर के साथ गांवों में कई घंटे बिजली गुल रही। कैलाश नगर में करीब 12 घंटे बाद बिजली आपूर्ति बहाल हुई। बिजली निगम के अनुसार फॉल्ट को रात में देखा गया था। लेकिन, ठीक नहीं हो पाया था। ऐसे में दिन में तार को ठीक कराया गया। एसडीओ विशाल राजपूत ने बताया कि कैलाश नगर, मोहल्ला कोलियान व पटीकरा गांव से बिजली की शिकायत मिली थी। कई जगहों पर रात में ही बिजली से संबंधित शिकायतों का समाधान कर दिया गया था।