फोटो 27सैनी सभा के कॉलेजियम चुनाव के नामांकन करते उम्मीदवार।स्रोत संस्था
नारनौल। सैनी सभा रजिस्टर्ड नारनौल के त्रिवार्षिक चुनाव की औपचारिक शुरुआत हो गई है। रविवार से चुनाव प्रक्रिया के प्रथम चरण में नामांकन शुरू हो गया है। चुनाव के पहले दिन ही कुल 78 दावेदारों ने कॉलेजियम चुनाव के लिए अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।
चुनाव अधिकारी संदीप सैनी एडवोकेट ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पारदर्शी एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि समाज के सदस्यों में चुनाव को लेकर विशेष उत्साह है और बड़ी संख्या में लोग सक्रिय रूप से भागीदारी कर रहे हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 15 फरवरी से 18 फरवरी तक प्रतिदिन दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक नामांकन पत्र जमा किए जाएंगे। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच तथा अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी।
चुनाव अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिन वार्डों में एक से अधिक उम्मीदवार होंगे, उन वार्डों में 8 मार्च को मतदान करवाया जाएगा। जिन वार्डों में केवल एक ही उम्मीदवार होगा, वहां नियमानुसार निर्विरोध निर्वाचन की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।