नारनौल। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की शनिवार को कक्षा 10वीं कक्षा की परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षार्थियों में काफी उत्साह रहा। सभी ने पेपर अच्छा होने की बात कही।
शनिवार से शुरू हुई सीबीएसई दसवीं व बारहवीं की परीक्षा के लिए 19 केंद्र बनाए गए थे। सभी में शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षा हुई। जिले में दसवीं व बारहवीं के कुल 14923 के करीब विद्यार्थी परीक्षा दे रहे हैं। सीबीएसई की शनिवार को दसवीं कक्षा की अंग्रेजी की परीक्षा हुई, जिसमें कुल 7646 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी और 22 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे।
वहीं 12वीं कक्षा की इंटरप्रेन्याेरशिप विषय की परीक्षा थी, यह विषय किसी भी विद्यार्थी के पास नहीं था। अब सोमवार से ही 12 कक्षा के विद्यार्थी परीक्षा देंगे। कक्षा 10वीं की परीक्षा 18 मार्च तक चलेगी। इसी प्रकार 12वीं की परीक्षा 15 फरवरी से शुरू होकर 4 अप्रैल तक चलेगी। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए, जिनकी निगरानी में छात्रों ने पेपर दिए। परीक्षा सुबह 10.30 बजे शुरू हुई जिसके चलते सभी विद्यार्थी केंद्रों पर सुबह 9 बजे ही पहुंच गए थे।
परीक्षा देने के बाद भी छात्रों के चेहरे खिले रहे और वे खुशी के साथ केंद्रों से बाहर आते हुए नजर आए। सीबीएसई बोर्ड के उड़नदस्ता सीबीएसई के जिला कोऑर्डिनेटर डॉ. किशोर तिवारी ने बताया कि जिले में 19 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा करवाई गई। उन्होंने बताया कि इस परीक्षा में 10वीं कक्षा के 7829 विद्यार्थी तथा 12वीं कक्षा के 7094 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। उन्होंने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर एक-एक पर्यवेक्षक की ड्यूटी भी लगाई गई।
जिले में ये बनाए गए परीक्षा केंद्र-
जिले में बनाए गए 19 परीक्षा केंद्रों में नारनौल का एमएलएस डीएवी स्कूल, माता मरियम जनसेवा स्कूल, यदुवंशी स्कूल पटीकरा, बीपीएस स्कूल नारनौल, ऐशली पब्लिक स्कूल अटेली, श्रीकृष्ण स्कूल भूंगारका, आरपीएस स्कूल सुराना, ओएसिस इंटरनेशनल स्कूल, पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय रघुनाथपुरा शामिल रहे। वहीं महेंद्रगढ़ में आरपीएस स्कूल, सूरज स्कूल, हैप्पी एवरग्रीन स्कूल, श्रीकृष्णा स्कूल, नालंदा स्कूल डालनवास, एसडी स्कूल ककराला, यूरो इंटरनेशनल स्कूल उन्हानी, राव जयराम स्कूल बेरी व डीपीएस स्कूल शामिल हैं।
बाक्स-
आज अंग्रेजी का पेपर था जो कि बहुत ही अच्छा हुआ। परीक्षा देने आए उस समय तो थोड़ी झिझक थी, लेकिन प्रश्न पत्र देखते ही हौसला बढ़ गया। पूरा पेपर हल करके आया हूं।-वंश, छात्र दसवीं
बाक्स-
अंग्रेजी का पेपर बहुत आसान था। परीक्षा केंद्र में पूरी शांति के साथ परीक्षा दी। मुझे उम्मीद है कि 90 प्रतिशत से ऊपर अंक आएंगे।-श्रेष्टा, छात्रा दसवीं