जिले में ग्राम सचिव की परीक्षा 70 सेंटरों पर शांति पूवर्क संपन्न हुई। इस दौरान सेंटरों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे। नारनौल में 30 परीक्षा केंद्रों पर दो शिफ्टों में 11220 परीक्षार्थियों में से 7228 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। जबकि, 3992 परीक्षार्थी गैर हाजिर रहे। महेंद्रगढ़ में 40 परीक्षा केंद्रों पर दोनों शिफ्टों में 16060 परीक्षार्थियों में से 9826 ने परीक्षा दी। जबकि, 6234 परीक्षार्थी गैर हाजिर रहे। इस दौरान नकल का कोई मामला सामने नहीं आया है।
बता दें कि ग्राम सचिव की परीक्षा को लेकर प्रशासन ने काफी तैयारी की हुई है। शनिवार की सुबह साढ़े आठ बजे ही परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र पर पहुंचना शुरू हो गए थे। परीक्षा केंद्र के अंदर जाने से पहले थर्मल स्कैनिंग की गई। शरीर का तापमान सही मिलने और मास्क लगाने के बाद उन्हें सेंटर के अंदर प्रवेश दिया गया। हाथ को सैनिटाइज करने के बाद हर परीक्षार्थी की वीडियोग्राफी कराई गई। आगे उनके कागजात समेत अन्य जांच की गई। सही कागजात मिलने के बाद ही परीक्षा के अंदर जाने दिया गया। इस दौरान स्कूलों के गेट पर पुलिस बल तैनात था। ग्राम सचिव परीक्षा के लिए नारनौल में 30 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सेंटरों पर सीसीटीवी कैमरे समेत अन्य इंतजाम हैं। परीक्षा सुबह साढ़े 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और तीन बजे से शाम साढ़े चार बजे तक हुई। दस जनवरी को भी परीक्षा होगी।
नारनौल में यहां हुई परीक्षा
एमएलएस डीएवी स्कूल, सरस्वती स्कूल नसीबपुर, सीएल पब्लिक स्कूल, हरियाणा सीनियर सेकेंडरी स्कूल नांगल चौधरी रोड, पीजी कॉलेज नारनौल, राजकीय महिला कॉलेज, बीएड कॉलेज, बाबा खेतानाथ बहुतकनीकी कॉलेज, यदुवंशी शिक्षा निकेतन, एएसडी सीनियर सेकेंडरी पुल बाजार, राजकीय कन्या स्कूल, गोविंद सिंह स्कूल, सैनी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सरस्वती बाल मंदिर, गुरु द्रोणाचार्य स्कूल, आदर्श हाई स्कूल व यादव हाई स्कूल में 30 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।
महावीर चौक पर लगा जाम
शहर के अति व्यस्त मार्ग पर जाम रहने के कारण लोगो को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा ।शुक्रवार को पुलिस कप्तान ने पुलिस अधिकारियों की बैठक में शनिवार व रविवार को होने वाली परीक्षा होने के कारण परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न होने की बात कहीं थी। लेकिन, चौक पर अतिक्रमण के कारण लोगों को जाम की समस्या से जुझना पड़ा। जिसके कारण परीक्षा देने वालों को परेशानी हुई।