अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। गांव देवास में घर में घुस कर लड़की की कनपटी पर पिस्टल लगाकर जान से मारने की धमकी का मामले पुलिस ने आरोपी पवन को एसडीजेएम की अदालत में पेश किया। जहां से न्यायाधीश ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। जांच अधिकारी बलजीत सिंह ने बताया कि आरोपी के पास बरामद की गई पिस्टल असली नहीं बल्कि खिलौना पिस्टल थी।
लड़की के पिता बाबूलाल ने पुलिस को दी शिकायत में सोमवार को महेंद्रगढ़ में किसी काम से आया था। उसके घर पर उसकी बेटी तथा पत्नी काम कर रही थी। गांव के पवन और सतीश बाइक पर सवार होकर उनके घर पर आए । पवन घर के अंदर घुस गया और सतीश बाहर खड़ा हो गया। दोनों के पास पिस्टल थी। पवन ने पिस्टल लड़की की कनपटी पर तान दी थी। वह घर पहुंचा तो उसने अपनी बेटी को बचाया। आपसी खींचतान में पवन की पिस्टल नीचे गिर गई थी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। पिस्टल अपने कब्जे में ले लिया। परिजनों ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया था। जांच अधिकारी बलजीत सिंह ने बताया कि मंगलवार को आरोपी पवन को पुलिस ने एसडीजेएम हिमांशु सिंह की अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। दूसरे आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मौके से बरामद हुई पिस्टल असली नहीं खिलौना पिस्टल है।